
रांची: झारखंड विधानसभा परिसर के सामने आज आरटीआई कार्यकर्ता संघ केंद्रीय समिति ने एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान आरटीआई कार्यकर्ताओं ने अपनी सुरक्षा की मांग करते हुए विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो के नाम एक ज्ञापन मजिस्ट्रेट बी. महतो को सौंपा।

संघ के अध्यक्ष श्री दिल बहादुर ने कहा कि लोकतंत्र में आरटीआई कार्यकर्ताओं को धमकी देना गलत है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर विधानसभा में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवाज नहीं उठाई गई, तो वे अपनी मांगों को लेकर न्यायालय से लेकर संसद तक का दरवाजा खटखटाएंगे।

पूर्वी सिंहभूम के आरटीआई कार्यकर्ता को मिली धमकी
संघ के महासचिव कृतिवास मंडल ने बताया कि वह 2005 से लगातार सूचना के अधिकार के तहत भ्रष्टाचार का खुलासा कर रहे हैं। 18 मई 2025 को उन्हें एक अज्ञात नंबर से जान से मारने की धमकी मिली थी। उन्होंने 20 मई को इसकी शिकायत वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम से की। हालांकि, परसुडीह थाना प्रभारी फैज अहमद और डीएसपी मोहम्मद तोकीर आलम ने लिखित आवेदन लेने के बावजूद अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की है।
कृतिवास मंडल ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन आरोपी को संरक्षण दे रहा है, जिससे पूरे झारखंड के आरटीआई कार्यकर्ता खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। जादूगोड़ा के सुनील मुर्मू को भी मुखिया द्वारा धमकी दी गई थी, लेकिन पुलिस ने दोनों पक्षों पर मामला दर्ज कर इसे हल्का कर दिया।
प्रमुख मांगें
संघ ने अपनी मांगों में कहा है कि:
आरटीआई कार्यकर्ता कृतिवास मंडल को धमकी देने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज की जाए।
पोटका प्रखंड कार्यालय से जुड़े कर्मियों की भूमिका की जांच हो।
सभी आरटीआई कार्यकर्ताओं को व्यक्तिगत सुरक्षा दी जाए।
आरटीआई कार्यकर्ताओं की सुरक्षा के लिए ठोस नीति बनाई जाए।
निष्क्रियता के लिए थाना प्रभारी और डीएसपी पर कार्रवाई हो।
राज्य सूचना आयोग और राज्य मानवाधिकार आयोग में रिक्त पदों को तुरंत भरा जाए।
धरना प्रदर्शन को उपाध्यक्ष सदन कुमार ठाकुर, मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष दिनेश कुमार किनू, मनोज कुमार सिंह और अन्य सदस्यों ने भी संबोधित किया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आरटीआई कार्यकर्ता उपस्थित थे।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
