
हज़ारीबाग़ नगर निगम क्षेत्र की सड़कों की बदहाली लंबे समय से जनता की सबसे बड़ी समस्या रही है। शहर के कई प्रमुख मार्गों पर गड्ढों, जलजमाव और कीचड़ ने लोगों का जीना दूभर कर दिया था। आम नागरिकों से लेकर विद्यार्थियों, दुकानदारों, रिक्शा चालकों और वाहन चालकों तक, सभी इस स्थिति से परेशान थे। शहर के विकास का चेहरा मानी जाने वाली सड़कें, बदहाली का प्रतीक बन चुकी थीं।
इन परिस्थितियों में क्षेत्र के विधायक प्रदीप प्रसाद ने जनता की तकलीफ़ को समझा और बार-बार नगर निगम, जिला प्रशासन और राज्य सरकार का ध्यान इस ओर आकर्षित किया। जब कई बार निवेदन के बावजूद सुधार कार्यों में गति नहीं आई, तब उन्होंने जनता की भावना को व्यक्त करते हुए लेपो रोड पर बैल से हल जोतकर एक अनोखे और प्रतीकात्मक विरोध का मार्ग अपनाया।

वह विरोध केवल प्रतीक नहीं था। वह उस आक्रोश, पीड़ा और उम्मीद की आवाज़ थी, जो हर हज़ारीबाग़वासी के दिल में थी। विधायक प्रदीप प्रसाद का यह कदम जनता की भावनाओं से सीधा जुड़ा, और उस आवाज़ ने पूरे क्षेत्र में चर्चा और प्रशासनिक चेतना दोनों को जगाया।

आज वह संघर्ष और निरंतर प्रयास रंग ला रहे हैं। लेपो रोड सहित नगर निगम क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण सड़कों का पुनर्निर्माण पूर्ण हो चुका है। जहाँ कभी गड्ढे और कीचड़ थे, वहाँ अब पक्की, स्वच्छ, और सुगम सड़कें हैं। नागरिकों को अब राहत की अनुभूति हो रही है। यह केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि हज़ारीबाग़ की जनता की सामूहिक जीत है।
इस अवसर पर विधायक श्री प्रदीप प्रसाद ने कहा कि, जब जनता की आवाज़ को ईमानदारी से उठाया जाता है, तो नतीजे अवश्य मिलते हैं। यह सड़कों का पुनर्निर्माण केवल विकास नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और जनशक्ति की जीत है। हमेशा जनता की समस्याओं को अपनी जिम्मेदारी माना है, और आगे भी जनहित से जुड़े हर मुद्दे को उतनी ही मजबूती से उठाता रहूंगा।
उन्होंने आगे कहा कि यह कार्य जनता, प्रशासन और जनप्रतिनिधि तीनों के समन्वय का परिणाम है। नगर निगम और संबंधित विभागों ने जिस तत्परता से सड़क निर्माण कार्यों को पूरा किया, वह सराहनीय है। उन्होंने इन सभी अधिकारियों और कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाले दिनों में भी हज़ारीबाग़ के विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
प्रदीप प्रसाद ने बताया कि नगर निगम,NH सड़कों, नालों और जल निकासी व्यवस्था के सुधार हेतु भी योजनाएँ तैयार की जा रही हैं। आने वाले चरणों में शहरी क्षेत्र और ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों को भी दुरुस्त किया जाएगा।
साथ ही उन्होंने कहा कि हज़ारीबाग़ के नागरिकों की सुविधा और सम्मान मेरी प्राथमिकता है। जनता का विश्वास ही मेरी ताक़त है और जनता की सेवा ही मेरा धर्म। हज़ारीबाग़ के विकास की इस यात्रा में हर नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। हम सब मिलकर अपने शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और समृद्ध बनाएंगे।
अंत में उन्होंने जनता से अपील की कि नए निर्मित सड़कों और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता एवं सुरक्षा में सभी लोग सहभागी बनें ताकि विकास के ये प्रयास लंबे समय तक टिके रहें और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक बेहतर हज़ारीबाग़ का निर्माण हो सके।
There is no ads to display, Please add some







Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
