
चौपारण, झारखंड: चौपारण प्रखंड के टोईया गांव के निवासी मिथुन यादव ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा आयोजित सहायक रिसर्च पदाधिकारी (खान मंत्रालय, भारत सरकार) परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। 15 सीटों के लिए जारी इस परिणाम में मिथुन ने अखिल भारतीय स्तर पर आठवां स्थान प्राप्त किया है। अब वह भारत सरकार के खान मंत्रालय में सहायक रिसर्च पद पर अपनी सेवाएँ देंगे। उनकी यह उपलब्धि गरीबी और शुरुआती मुश्किलों को पार करते हुए मिली है, जो कई युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

संघर्ष और सफलता की कहानी

मिथुन की प्रारंभिक शिक्षा बिरसा उच्च विद्यालय, डुमरी से हुई। इंटरमीडिएट उन्होंने विज्ञान संकाय से उत्तीर्ण किया, जिसके बाद उन्होंने आईआईटी क्वालीफाई कर आईआईटी आईएसएम धनबाद से मिनरल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की। वर्ष 2021 में, कैंपस प्लेसमेंट के जरिए उन्हें दक्षिण अफ्रीका में नौकरी मिली, जहाँ उन्होंने तीन वर्षों तक काम किया।
उनकी यह यात्रा यहीं नहीं रुकी। वर्ष 2024 में मिथुन का चयन भारत सरकार के भारतीय रेयर अर्थ लिमिटेड में सहायक प्रबंधक के पद पर हुआ। अब उन्होंने खान मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा निकाले गए सहायक रिसर्च ऑफिसर पद पर भी सफलता हासिल कर अपनी योग्यता का लोहा मनवाया है।
गरीबी नहीं बनी सफलता में बाधा
मिथुन बचपन से ही मेधावी छात्र रहे हैं। उनकी प्रारंभिक पढ़ाई के दौरान ही उनके पिता सोहर यादव का निधन हो गया था, जिसके बाद उनके बड़े भाई संजय यादव ने उनकी शिक्षा की जिम्मेदारी संभाली। मिथुन ने अपनी मेहनत और लगन से न केवल चौपारण, बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है।
प्रखंड के दूसरे यूपीएससी सफल युवा बने मिथुन
यूपीएससी जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षा में सफलता प्राप्त करना किसी सपने के सच होने जैसा है। मिथुन चौपारण प्रखंड के दूसरे ऐसे युवा बन गए हैं, जिन्होंने यूपीएससी में सफलता हासिल की है। इससे पहले तिलैया जोकट के एक युवक ने यह उपलब्धि हासिल की थी। मिथुन की यह सफलता युवा पीढ़ी को कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
