निरसा, धनबाद: निरसा थाना क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है। जानकारी के अनुसार, यहाँ के विभिन्न गुल भट्टों में गुल के नाम पर रात के अंधेरे में कच्चा माल (कोयला) को पोड़ा बनाकर हाइवा और ट्रकों के माध्यम से निरसा के स्थानीय क्षेत्रों के भट्टों में भेजा जा रहा था। यह भी बताया गया है कि कुछ गुल फैक्ट्री के मालिकों को निरसा के पुराने थाने में रात के अंधेरे में पुलिस की गाड़ियों के साथ-साथ कोयला माफियाओं की गाड़ियां भी खड़ी मिलती थीं, जिसकी जानकारी बड़े अधिकारियों को भी थी।
अचानक, बड़े अधिकारी के निर्देश पर धनबाद पुलिस ने मुगमा के मुंडा धोड़ा स्थित एक गुल फैक्ट्री में छापेमारी की। इस छापेमारी ने यह साबित कर दिया कि निरसा थाना क्षेत्र में अवैध कोयला का धंधा कभी बंद नहीं हुआ है।
छापेमारी के दौरान, मुगमा के अन्नपूर्णा नामक गुल फैक्ट्री से धनबाद पुलिस ने लगभग 70 टन पोड़ा कोयला जब्त किया। यह कोयला भट्टे में पोड़ा किया जा रहा था। इसके अलावा, गुल बनाने का लगभग आठ से दस टन कोयला भी जब्त किया गया और निरसा पुलिस को सौंप दिया गया। यह घटना निरसा में चल रहे अवैध कोयला कारोबार की पोल खोलती है।