• Mon. Mar 2nd, 2026

झारखंड के तीन सितारे करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व,एशिया पिकलबॉल जूनियर ओपन 2025, वियतनाम में:बी. सुधीर

admin's avatar

Byadmin

May 22, 2025

धनबाद: झारखंड पिकलबॉल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष बी. सुधीर ने जानकारी दी कि झारखंड के लिए यह गौरव का क्षण है। वियतनाम में होने वाले एशिया पिकलबॉल जूनियर ओपन 2025 के लिए ऑल इंडिया पिकलबॉल एसोसिएशन (AIPA) द्वारा घोषित टीम में झारखंड के तीन प्रतिभावान युवा खिलाड़ियों का चयन हुआ है। इनमें धनबाद से जिगर विश्वकर्मा और रांची से प्रचेता कुमारी व सुचेता कुमारी शामिल हैं।

 

धनबाद के जिगर विश्वकर्मा ने बीते दो वर्षों से लगातार कड़ी मेहनत और अनुशासन के साथ खुद को साबित किया है। वह जरीया के बनियाही मैदान में प्रतिदिन अभ्यास करते रहे, चाहे मौसम कैसा भी हो। सीमित संसाधनों और कठिनाइयों के बावजूद, उनकी प्रतिबद्धता और जुनून ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। उनके चयन से न सिर्फ धनबाद, बल्कि पूरे राज्य के युवाओं को प्रेरणा मिली है।

 

वहीं, रांची की बहनों – प्रचेता और सुचेता कुमारी ने भी अपने खेल से सभी को प्रभावित किया है। दोनों बहनें अपने घर की छत को ही कोर्ट बनाकर वर्षों से पिकलबॉल का अभ्यास कर रही हैं। इन खिलाड़ियों ने राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर कई प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए झारखंड को गौरवान्वित किया है। विशेष रूप से प्रचेता ने महिला कैटेगरी में अपनी सधी हुई खेल शैली और लगातार पदक जीतकर एक अलग पहचान बनाई है, जबकि सुचेता की फुर्ती और टैक्टिकल गेम स्टाइल चर्चा का विषय रही है।

 

इन तीनों खिलाड़ियों का चयन न सिर्फ उनकी मेहनत का परिणाम है, बल्कि यह झारखंड में पिकलबॉल खेल की बढ़ती लोकप्रियता और भविष्य की संभावनाओं को भी दर्शाता है। यह उपलब्धि राज्य के अन्य खिलाड़ियों के लिए भी एक प्रेरणा है कि समर्पण,अभ्यास और आत्मविश्वास से किसी भी स्तर को हासिल किया जा सकता है।

 

झारखंड पिकलबॉल संघ, स्थानीय प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों ने इन खिलाड़ियों को बधाइयाँ दी हैं और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है। उम्मीद की जा रही है कि ये युवा सितारे वियतनाम में तिरंगे को ऊँचा उठाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *