• Mon. Feb 16th, 2026

जयंत सिन्हा ने झारखंड को दी एक और स्वास्थ्य सौगात: डेमोटांड में ‘सिन्हा हेल्थ इंस्टीट्यूट’ का भूमिपूजन संपन्न

admin's avatar

Byadmin

Jul 22, 2025

 

हज़ारीबाग, झारखंड: हजारीबाग लोकसभा के पूर्व सांसद जयंत सिन्हा ने झारखंड के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने डेमोटांड में ‘सिन्हा हेल्थ इंस्टीट्यूट’ की स्थापना का निर्णय लिया है, जिसका भूमिपूजन 22 जुलाई को विधि-विधान से संपन्न हुआ। इस अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। यह संस्थान अगले 6 से 9 महीनों में बनकर तैयार हो जाएगा और इसमें अत्याधुनिक मेडिकल उपकरण भी स्थापित किए जाएंगे।

 

झारखंड को मिलेंगी विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं:

 

जयंत सिन्हा द्वारा स्थापित किया जा रहा यह गैर-लाभकारी संस्थान झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लक्ष्य के साथ काम करेगा। जयंत सिन्हा ने कहा कि उनका सदैव यह प्रयास रहा है कि झारखंड की जनता को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल सकें, और यह संस्थान भी उसी जनसेवा के उद्देश्य से स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि झारखंड अभी भी स्वास्थ्य सेवाओं के मामले में पिछड़ा हुआ है, और मरीजों को छोटे-बड़े इलाज के लिए भी रांची या राज्य से बाहर जाना पड़ता है। ‘सिन्हा हेल्थ इंस्टीट्यूट’ के माध्यम से मरीजों को विश्वस्तरीय और आधुनिक इलाज मुहैया कराने का प्रयास किया जाएगा।

 

आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा संस्थान:

 

डेमोटांड में स्थापित होने वाले इस संस्थान में जनता को एमआरआई, पैथोलॉजी लैब, एक्सरे, सिटी स्कैन, ओपीडी और मेडिकल शॉप जैसी विभिन्न उच्चस्तरीय सुविधाओं का लाभ मिलेगा। जयंत सिन्हा का विशेष ध्यान अगले 6 महीनों में एमआरआई मशीनों को स्थापित करने पर है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में झारखंड में एमआरआई मशीनों की कमी है, जिससे मरीजों को काफी परेशानी होती है। इन मशीनों के स्थापित होने से हजारीबाग में ही लोगों को विश्वस्तरीय एमआरआई सुविधा मिल सकेगी, और उन्हें रांची या राज्य से बाहर जाने की आवश्यकता नहीं होगी।

 

यह संस्थान प्रतिबद्धता, करुणा, समानता और सेवा के मूल्यों से प्रेरित होकर जनता के कल्याण के लिए कार्य करेगा। मरीजों को आयुष्मान भारत जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं से भी जोड़ा जाएगा, ताकि उन्हें निशुल्क इलाज का लाभ मिल सके। इस संस्थान के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. एस. के. सिन्हा होंगे, और इससे विश्वस्तरीय चिकित्सक जुड़े होंगे जिनके सहयोग और मार्गदर्शन में मरीजों को चिकित्सकीय सुविधाएं मिलेंगी। ‘सिन्हा हेल्थ इंस्टीट्यूट’ को महाजन इमेजिंग और लैब्स जैसे प्रसिद्ध राष्ट्रीय संस्थान से तकनीकी सहायता प्राप्त होगी।

 

डिजिटल सेवाओं पर भी जोर:

 

जयंत सिन्हा ने लोगों को त्वरित सुविधा देने के लिए ‘सिन्हा हेल्थ इंस्टीट्यूट’ की वेबसाइट भी तैयार करवाई है। इसके माध्यम से मरीज ऑनलाइन टेस्ट की बुकिंग के साथ अपनी रिपोर्ट भी ऑनलाइन प्राप्त कर सकेंगे। यह झारखंड का ऐसा पहला और अनूठा स्वास्थ्य संस्थान होगा, जहां लोगों को मिनटों में विश्वस्तरीय आधुनिक सुविधाएं मिल पाएंगी।

 

जयंत सिन्हा ने अपने प्रयासों से पहले भी हजारीबाग मेडिकल कॉलेज व अस्पताल को धरातल पर उतारा था, जिसका लाभ आज हजारीबाग समेत आसपास के अन्य जिलों के लोगों को मिल रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह गैर-लाभकारी संस्थान झारखंड में स्वास्थ्य के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा। भूमिपूजन संपन्न होने के साथ ही निर्माण कार्य तेजी से शुरू होगा और बहुत जल्द ही यहां लोगों को सुविधाएं मिलना शुरू हो जाएंगी।

 

 


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *