• Tue. Feb 17th, 2026

पुनपुन महोत्सव के दूसरे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रही धूम

admin's avatar

Byadmin

Jan 22, 2026

 

 

नवीनगर से संदीप कुमार की रिपोर्ट

नवीनगर प्रखंड के टंडवा स्थित सूर्य मंदिर परिसर में कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार सरकार तथा जिला प्रशासन औरंगाबाद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पुनपुन महोत्सव के दूसरे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भव्य धूम देखने को मिली। कार्यक्रम की शुरुआत बिहार गीत से की गई, जिसने पूरे माहौल को सांस्कृतिक रंग में रंग दिया।

दूसरे दिन के कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित शिवहर के पूर्व सांसद आनंद मोहन सिंह के साथ रामलखन सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी अरुण सिंह, पुनपुन महोत्सव समिति के अध्यक्ष राम जन्म सिंह, सचिव राजेश अग्रवाल समेत अन्य गणमान्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि आनंद मोहन सिंह ने पुनपुन नदी की सफाई एवं अतिक्रमण मुक्त करने, एनटीपीसी के सीएसआर फंड का उपयोग नवीनगर एवं बारुण क्षेत्र में करने, स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने, नवीनगर को अनुमंडल का दर्जा देने तथा टंडवा और मिर्जापुर को प्रखंड बनाने जैसे अहम मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने इन मांगों के समर्थन में सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए टंडवा, नवीनगर एवं बारुण में एक दिन के पूर्ण बंद का आह्वान करने की भी बात कही।

वहीं रामलखन सिंह ने अपने संबोधन में पुनपुन नदी की ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए इसकी गरिमा को बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों के सम्मान में मध्य विद्यालय टंडवा की छात्राओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। कार्यक्रम मे तान्या मऊवार, प्रेरणा प्रकाश, सृष्टि लक्ष्मी और स्कूली बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया। कलाकारों ने अपनी गायकी और रिकॉर्डिंग डांस द्वारा समा बांधा। वही कार्यक्रम में कुटुंबा के विधायक ललन भुईयां ने “बड़ी दूर से आए है

प्यार का तोहफा लाए है….” गीत गाकर लोगों का मनोरंजन किया। कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षक राजेश कुमार सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रखंड विकास पदाधिकारी अरुण सिंह द्वारा किया गया।

इस अवसर पर पूर्व प्रमुख संजीव कुमार सिंह, मुखिया रामप्रसाद राम, भाजपा जिलाध्यक्ष विजेंद्र कुमार चंद्रवंशी, पूर्व मुखिया बिंदेश्वरी सिंह, श्यामबिहारी सिंह, जैनेंद्र सिंह, प्रधानाध्यापक बिनोद दास, शिक्षक धनंजय सिंह, चुन्नू सिंह, संजीव सिंह, रोहित सिंह सहित कई अन्य गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।

दूसरे दिन के सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पुनपुन महोत्सव को और भी भव्य व यादगार बना दिया, वहीं क्षेत्रवासियों में उत्साह और सांस्कृतिक चेतना का संचार किया।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *