
नवीनगर से संदीप कुमार की रिपोर्ट
नवीनगर प्रखंड के टंडवा थाना क्षेत्र मे पुनपुन महोत्सव 2026 के सफल आयोजन को लेकर पुनपुन महोत्सव आयोजन समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष रामजन्म सिंह ने की। यह बैठक पुनपुन महोत्सव आयोजन समिति के सचिव राजेश कुमार उर्फ राजेश कुमार अग्रवाल के आवास पर संपन्न हुई।

बैठक में पुनपुन महोत्सव 2026 के आयोजन को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान सरकार द्वारा पुनपुन महोत्सव आयोजन के लिए उपलब्ध कराई गई अल्प राशि पर गहरी चिंता व्यक्त की गई। वक्ताओं ने बताया कि पिछले वर्ष पुनपुन महोत्सव का आयोजन राजकीय स्तर पर किया गया था, जिसमें पुनपुन महोत्सव आयोजन समिति, जन सहयोग तथा समिति के पदाधिकारियों के व्यक्तिगत आर्थिक सहयोग से कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया था। उस समय यह उम्मीद जताई जा रही थी

कि वित्तीय वर्ष 2025–26 में सरकार द्वारा महोत्सव के लिए आवंटित राशि में बढ़ोतरी की जाएगी, लेकिन ऐसा न हो पाना समिति के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। बैठक में यह जानकारी दी गई कि इस वर्ष पुनपुन महोत्सव का आयोजन 20 जनवरी 2026 एवं 21 जनवरी 2026 को किया जाएगा। सीमित संसाधनों के बावजूद महोत्सव को भव्य, सुव्यवस्थित एवं आकर्षक ढंग से आयोजित करने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर सचिव राजेश कुमार अग्रवाल ने कहा कि यदि सभी आयोजन समिति के सदस्य, पदाधिकारी और क्षेत्रवासी एकजुट होकर कार्य करें तो कम संसाधनों में भी महोत्सव को ऐतिहासिक बनाया जा सकता है।
उन्होंने सभी सदस्यों से सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने पुनपुन महोत्सव को सांस्कृतिक गरिमा और पारंपरिक स्वरूप के साथ आयोजित करने पर सहमति जताई। अध्यक्ष रामजन्म सिंह ने कहा कि पुनपुन महोत्सव केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान है, जिसे हर हाल में भव्यता के साथ संपन्न किया जाएगा।
इस बैठक में गुड्डू सिंह, उपेंद्र कुमार, कुंदन सिंह, भाजपा पंचायत अध्यक्ष ददन सिंह, रामप्रवेश सिंह, वीरेंद्र कुमार मेहता, आभा देवी उपाध्याय (टंडवा), पैक्स अध्यक्ष अश्विनी कुमार सौरभ, राजेश सिंह, राकेश ठाकुर सहित अन्य कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
बैठक के अंत में अध्यक्ष एवं सचिव द्वारा उपस्थित सभी लोगों को नव वर्ष की मंगल शुभकामनाएं दी गईं तथा पुनपुन महोत्सव 2026 को अत्यंत सुंदर एवं सफल बनाने की सामूहिक शपथ ली गई। अंत में धन्यवाद ज्ञापन अध्यक्ष रामजन्म सिंह द्वारा किया गया।
There is no ads to display, Please add some







Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
