
दारू( हजारीबाग): दारू प्रखंड के उत्क्रमित उच्च विद्यालय मेढ़कुरी में शुक्रवार को प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी नागेश्वर सिंह की अध्यक्षता में अभिभावकों, ग्रामीणों और शिक्षकों की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य पिछले एक महीने से स्कूल परिसर में चल रहे विभिन्न विवादों को दूर करना था।
*दीवारों पर उर्दू में ‘स्वागतम’ और तस्वीरों को लेकर विवाद*

ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय की दीवारों पर उर्दू में ‘स्वागतम’ शब्द लिखा गया था, साथ ही स्कूल के पीएम श्री बोर्ड पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर भी तोड़ दी गई थी। इसके अतिरिक्त दीवारों पर कुछ स्वतंत्रता सेनानियों के साथ फातिमा शेख की तस्वीरें लगाई गई थीं। ग्रामीणों ने आपत्ति जताते हुए कहा कि जहां झांसी की रानी, प्रतिभा पाटील, सावित्रीबाई फुले जैसी महान महिलाओं की तस्वीर लगनी चाहिए, वहां ऐसी तस्वीरें क्यों लगाई गईं जिनसे बच्चे परिचित भी नहीं हैं?

*सरस्वती वंदना बंद करने पर भी नाराज़गी*
अभिभावकों ने यह भी आरोप लगाया कि विद्यालय में पहले नियमित रूप से सरस्वती वंदना होती थी, लेकिन अब उसे बंद कर दिया गया है। परिसर में मौजूद माता सरस्वती की छोटी प्रतिमा पर भी प्रतिबंध जैसा माहौल बना दिया गया है।
अभिभावकों का कहना था, विद्यालय में पुरानी परंपराओं को बिना किसी कारण बदला जा रहा है, जो स्वीकार्य नहीं है।
*शिक्षकों पर अभद्र व्यवहार और दबाव के आरोप*
ग्रामीणों ने दो शिक्षक बबलू कुमार और रविकांत वर्मा पर बच्चों के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया। कहा गया कि प्रैक्टिकल नंबर देने के नाम पर छात्रों से कई काम कराया जाता है, और मना करने पर नंबर काटने की धमकी दी जाती है।
*सांसद प्रतिनिधि बलदेव बाबू का कड़ा रुख*
बैठक में सांसद प्रतिनिधि बलदेव बाबू ने कहा विद्यालय शिक्षा का मंदिर है, लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि धार्मिक शब्दों का उपयोग कर बच्चों के मन में अलग सोच पैदा की जा रही है। भगवान कृष्ण को बौद्ध धर्म से जोड़कर बताया जा रहा है, और बच्चों से अभद्र भाषा का प्रयोग किया जा रहा है। यह शिक्षा नहीं हो सकती।
उन्होंने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी से ऐसे शिक्षकों एवं प्राचार्य पर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि विद्यालय में सभी धर्मों के बच्चे पढ़ते हैं, किसी भी धार्मिक पक्षपात या विवादास्पद गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
*पुरानी परंपराएं जारी रहेंगी: प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी*
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी नागेश्वर सिंह ने स्पष्ट कहा विद्यालय में जो भी पुरानी परंपराएं पहले से चली आ रही थीं, उन्हें किसी भी स्थिति में बाधित नहीं किया जाएगा। न ही कोई नई परंपरा थोपी जाएगी।
*स्थानीय जनप्रतिनिधियों की प्रतिक्रिया*
भाजपा के प्रखंड अध्यक्ष अशोक कुशवाहा ने कहा कि शिक्षा को धर्म से जोड़कर बच्चों को दिशा ना भटकाए।, स्कूल प्रांगण में विवादित चीज हटनी चाहिए। मुखिया भोला तुरी ने शिक्षकों को चेतावनी देते हुए कहा कि बच्चों के साथ किसी भी तरह की अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मुनीलाल पांडे ने विवादित चीजों को हटाने की बात कही। प्रधानाचार्य मोहम्मद जाकिर हुसैन ने आश्वासन दिया कि प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के सभी निर्देशों का तुरंत पालन होगा और विद्यालय की व्यवस्था पूर्व परंपराओं के अनुसार बहाल की जाएगी।
बैठक में भाजपा के प्रखंड अध्यक्ष अशोक कुशवाहा, तुलेश्वर पांडे, ऋषि सिंह, विक्की कुमार, मंटू कुमार, विद्यालय के सभी शिक्षक एवं सैकड़ो ग्रामीण मौजूद थे।
There is no ads to display, Please add some







Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
