
आदित्यपुर। आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में पिछले छह दिनों से कचरा निस्तारण का कार्य पूरी तरह ठप पड़ा हुआ है। इसके कारण घरों में जमा कचरे से दुर्गंध फैलने लगी है,
वहीं शहर की सड़कों पर भी गंदगी का अंबार दिखाई देने लगा है। कचरा उठाने वाली गाड़ियां भी पूरी तरह भर जाने के कारण जगह-जगह खड़ी हैं,
जिससे स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। स्थानीय लोगों द्वारा डंपिंग के लिए प्रस्तावित स्थानों का कड़ा विरोध किए जाने के बाद अब निगम प्रशासन वैकल्पिक जगहों की तलाश में जुट गया है।
*तीन जगहों पर हुआ कड़ा विरोध*
निगम के प्रशासक के निर्देश पर सिटी मैनेजर देवाशीष प्रधान के नेतृत्व में एक टीम खाली जमीन की तलाश में निकली थी। इस दौरान टीम को तीन अलग-अलग स्थानों पर स्थानीय लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा।
विशेष रूप से ऑटो क्लस्टर के पीछे हथियाडीह मार्ग पर, जहां नगर निगम कार्यालय के लिए जमीन आवंटित है, वहां कचरा डंप करने की योजना का सैकड़ों स्थानीय लोगों ने विरोध किया। नगर निगम प्रशासन का कहना है कि यदि स्थानीय लोगों के सहयोग से जल्द समाधान नहीं निकला, तो स्थिति और भी भयावह हो सकती है।
ऐसी परिस्थिति में भविष्य में हर वार्ड का कचरा उसी वार्ड में रखने की मजबूरी पैदा हो सकती है, जिससे लोगों के लिए रहना मुश्किल हो जाएगा और बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ सकता है।
*अब नगर निगम जमीन किराए पर लेगा,ताकि जल्द से जल्द कचरा उठाव कार्य शुरू हो*
विरोध को देखते हुए निगम ने अब एक नया रास्ता निकाला है। जानकारी के अनुसार, एक चहारदीवारी युक्त निजी भूखंड की पहचान की गई है। नगर निगम इस जमीन को एक एजेंसी के माध्यम से किराए (रेंट) पर लेगा, ताकि जल्द से जल्द कचरा उठाव कार्य शुरू कर शहर को गंदगी से निजात दिलाई जा सके। आदित्यपुर नगर निगम का मानना है कि डंपिंग यार्ड की समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा और पर्यावरण को भी नुकसान नहीं पहुंचेगा।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
