
आदित्यपुर। सीतारामपुर डैम के पास बन रहे 30 एमएलडी वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट से आगामी 15 दिनों के भीतर यानी 28 मार्च तक आरआईटी थाना क्षेत्र में बने पानी टंकी संख्या 8, 9 और 10 में पानी भेजकर उन्हें भरा जाएगा।
इसके बाद क्रमवार आरआईटी थाना क्षेत्र के लगभग 16 से 20 हजार घरेलू कनेक्शन वाले घरों तक परीक्षण के तौर पर पानी पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस संबंध में जुडको के पदाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि सापड़ा स्थित 60 एमएलडी वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है।
प्लांट तक 11 हजार वोल्ट बिजली लाइन ले जाने के लिए वन विभाग से लगभग अनापत्ति मिल चुकी है। जल्द ही बिजली के खंभे लगाकर प्लांट तक बिजली पहुंचाने का कार्य शुरू किया जाएगा। उम्मीद है कि 60 एमएलडी सापड़ा वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का कार्य अगस्त 2026 तक पूरा हो जाएगा।
बताया गया कि 60 एमएलडी सापड़ा और 30 एमएलडी सीतारामपुर वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट की 395 करोड़ रुपये की योजना का एग्रीमेंट 3 दिसंबर 2021 को हुआ था और उसी तिथि तक इसे पूरा किया जाना था।
लेकिन वर्ष 2023 तक भी इस परियोजना का काम शुरू नहीं हो सका था। इसके बाद जनता की परेशानी को देखते हुए सामाजिक संगठन जन कल्याण मोर्चा ने झारखंड उच्च न्यायालय, रांची में जलापूर्ति योजना को चालू कराने के लिए जनहित याचिका दायर की, जिसके बाद कार्य में तेजी आई और वन विभाग से अनापत्ति मिलने के साथ अब योजना का परिणाम सामने आने लगा है।
इस योजना को आगे बढ़ाने में पूर्व उपायुक्त अरवा राजकमल और रविशंकर शुक्ला का भी सराहनीय योगदान रहा। वहीं वर्तमान उपायुक्त नितिन कुमार सिंह ने स्वयं दो-तीन बार वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का भौतिक निरीक्षण कर समयबद्ध लक्ष्य तय किया। उपायुक्त ने 31 मार्च 2026 तक 30 एमएलडी प्लांट को चालू करने का लक्ष्य दिया था, जो अब पूरा होता दिख रहा है। उनके इस प्रयास की सराहना की जा रही है। जन कल्याण मोर्चा के अध्यक्ष सह अधिवक्ता ओम प्रकाश ने कहा कि संगठन उपायुक्त और आदित्यपुर नगर निगम की नई कमिटी से मांग करेगा कि जब तक सापड़ा का 60 एमएलडी प्लांट तैयार नहीं हो जाता, तब तक आदित्यपुर थाना क्षेत्र के ड्राई जोन वाले इलाकों में भी सीतारामपुर वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट से पानी पहुंचाने की व्यवस्था की जाए, ताकि वहां के लोगों को राहत मिल सके।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
