
जमशेदपुर । बचपन छीनने वाली सामाजिक कुरीति ‘बाल विवाह’ को जड़ से हटाने की जरुरत है। नालसा, झालसा और डालसा ने इसके लिए कमर कस ली है।
शुक्रवार को व्यवहार न्यायालय जमशेदपुर के लोक अदालत हॉल में ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान के तहत पैरा लीगल वॉलिंटियर्स (अधिकार मित्र) के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी सह डालसा के प्रभारी सचिव धर्मेंद्र कुमार, लीगल एड डिफेंस कौंसिल के चीफ विदेश सिन्हा, सीनियर मीडिएटर के के सिन्हा व प्रीति मुर्मू , डिप्टी एलएडीसी राजेश कुमार श्रीवास्तव और असिस्टेंट एलएडीसी अभिनव कुमार श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए न्यायिक दंडाधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने पीएलवी अधिकार मित्रों का उत्साहवर्धन किया और उनकी तुलना ‘डीएलएसए (DLSA) के सैनिकों’ के रुप में की। उन्होंने कहा कि शहर से लेकर सुदूर ग्रामीण इलाकों तक न्याय की रोशनी पहुँचाने में पीएलवी (अधिकार मित्रों) की भूमिका सबसे अहम है।
उन्होंने पीएलवी को प्रेरित करते हुए कहा, “फील्ड में काम करते समय कई बार प्रतिकूल परिस्थितियां आती हैं और अपेक्षित सहयोग नहीं मिलता, लेकिन ऐसे समय में धैर्य न खोएं और अपना मनोबल ऊंचा रखें। बाल विवाह की जड़ें समाज में काफी गहरी हैं, जिसे लंबे और निरंतर संघर्ष से ही खत्म किया जा सकता है।”
सख्त कानून और सजा का प्रावधान
मीडिएटर प्रीति मुर्मू ने कानूनी पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए स्पष्ट किया कि बाल विवाह में प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से शामिल हर व्यक्ति अपराधी है। इसके तहत दो साल तक की कैद और एक लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। कानून के तहत पुरुषों को कैद व जुर्माना दोनों, जबकि महिलाओं को जुर्माने की सजा का प्रावधान है।
नाबालिगों की सगाई भी गैरकानूनी
सीनियर मीडिएटर के.के. सिन्हा ने एक बेहद महत्वपूर्ण कानूनी जानकारी साझा करते हुए बताया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार अब नाबालिग लड़के-लड़कियों की सगाई करना भी अपराध की श्रेणी में आता है। यह बच्चों की व्यक्तिगत स्वतंत्रता और भविष्य के चुनाव में बाधा डालता है। आंकड़ों का हवाला देते हुए के.के. सिन्हा ने बताया कि देश में बाल विवाह की दर 23.3 प्रतिशत थी, जो 2024 के बाद चलाए गए सघन अभियानों के चलते घटकर 20.1 प्रतिशत पर आ गई है। हालांकि, बदलाव की यह गति अभी भी धीमी है, जिसे तेज करने की जरूरत है। वक्ताओं ने इस बात पर भी जोर दिया कि बाल विवाह से न केवल दो परिवार बर्बाद होते हैं, बल्कि कम उम्र में मां बनने से जच्चा-बच्चा के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ता है और आने वाली पीढ़ी कुपोषण का शिकार होती है।
कार्यशाला के अंत में एक संवादात्मक सत्र आयोजित किया गया, जिसमें चीफ एलएडीसी विदेश सिन्हा, राजेश कुमार श्रीवास्तव, अभिनव श्रीवास्तव और के.के. सिन्हा ने अधिकार मित्रों (पीएलवी) के सवालों के जवाब दिए और उनके कार्यक्षेत्र की बारीकियों को समझाया, ताकि वे जमीनी स्तर पर और अधिक प्रभावी ढंग से समाज को जागरूक कर सकें।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
