• Fri. Nov 27th, 2026

पीएम विश्वकर्मा योजना के लाभार्थी कारीगरों को ब्रांडिंग, मार्केटिंग एवं डिजिटल तकनीक के उपयोग की दी गई जानकारी

admin's avatar

Byadmin

Nov 27, 2026

 

भारत सरकार की पीएम विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत पारंपरिक कारीगरों एवं शिल्पकारों को उनके उत्पादों की ब्रांडिंग, मार्केटिंग एवं बाजार उपलब्धता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से दिनांक 27 नवंबर 2026 को IDTR, जमशेदपुर (आदित्यपुर), जिला सरायकेला-खरसावाँ में MSME-विकास कार्यालय, रांची द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 100 से अधिक पीएम विश्वकर्मा योजना के लाभार्थी कारीगरों ने भाग लिया।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ MSME-विकास कार्यालय, रांची के सहायक निदेशक श्री गौरव द्वारा अतिथियों एवं प्रतिभागियों के स्वागत के साथ हुआ। इसके पश्चात मुख्य अतिथि श्री बी.के. दुबे, क्षेत्रीय निदेशक, RDSDE एवं अन्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर अतिथियों को शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

 

कार्यक्रम में सहायक निदेशक श्री गौरव ने कारीगरों को उत्पादों की ब्रांडिंग, आकर्षक पैकेजिंग एवं प्रभावी मार्केटिंग के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि उचित विपणन रणनीति के माध्यम से कारीगर अपने उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुंचाकर आय में वृद्धि कर सकते हैं। साथ ही भारत सरकार की विभिन्न MSME योजनाओं की जानकारी भी दी।

 

इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के प्रबंधक श्री मनीष सुंडी ने बैंकिंग योजनाओं एवं डिजिटल भुगतान सुविधाओं की जानकारी दी। वहीं, बैंक ऑफ इंडिया के श्री कृष्ण कुमार ने ऋण संबंधी प्रक्रियाओं एवं बैंकिंग सुविधाओं से जुड़े प्रतिभागियों के प्रश्नों का समाधान किया। कार्यक्रम में बैंक ऑफ बड़ौदा के श्री सूरज कुमार भी उपस्थित रहे।

 

डॉ. प्रीति किरण ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एवं ChatGPT के व्यावहारिक उपयोग की जानकारी देते हुए बताया कि इन तकनीकों के माध्यम से कारीगर अपने उत्पादों की डिजाइनिंग, प्रचार-प्रसार, ब्रांडिंग एवं मार्केटिंग को बेहतर बना सकते हैं।

 

IDTR जमशेदपुर के महाप्रबंधक श्री रविन्द्र कुमार ने पीएम विश्वकर्मा योजना के उद्देश्यों एवं लाभों की जानकारी देते हुए कारीगरों को योजना का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

 

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े GeM के बिजनेस फैसिलिटेटर श्री सुबोध कांत ने सरकारी ई-मार्केटप्लेस (GeM) पोर्टल पर पंजीकरण एवं ऑनबोर्डिंग की प्रक्रिया, सरकारी खरीद में उपलब्ध अवसरों तथा पोर्टल के माध्यम से उत्पादों के विपणन की जानकारी दी।

 

मुख्य अतिथि श्री बी.के. दुबे, क्षेत्रीय निदेशक, RDSDE ने कारीगरों को अपने पारंपरिक कौशल को आधुनिक तकनीक से जोड़ने, उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार करने तथा स्वरोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहित किया।

 

इस दौरान गम्हरिया के शाखा डाकपाल श्री संतोष गोराई द्वारा मौके पर ही कारीगरों के लिए 15 QR कोड जनरेट किए गए, जिससे उन्हें डिजिटल भुगतान की सुविधा उपलब्ध हो सके। वहीं, जिला उद्यम समन्वयक, सरायकेला-खरसावाँ सुश्री एडलीन भुटकुंवर ने झारखंड सरकार की विभिन्न MSME योजनाओं एवं उद्यमियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी।

 

कार्यक्रम में IDTR जमशेदपुर के प्रबंधक (M&C) श्री अंजन कुंडू, बैंकिंग संस्थानों के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न प्रखंडों के प्रखंड उद्यम समन्वयकों एवं अन्य संबंधित कर्मियों की सहभागिता रही। कार्यक्रम का संचालन एवं आयोजन में श्री मनोज कुमार उरांव, श्री सुनील कुमार कुशवाहा, श्री अराधना कुमार पति, श्री चंदन कुमार दुबे, श्री उदय महतो एवं MSME-विकास कार्यालय, रांची के श्री यशमेन्द्र कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

 

इस जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से 100 से अधिक कारीगरों को उत्पादों की ब्रांडिंग एवं मार्केटिंग, डिजिटल भुगतान, बैंकिंग सुविधाओं, GeM पोर्टल, AI एवं ChatGPT के उपयोग तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की MSME योजनाओं के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *