
धनबाद: धनबाद जिला न्यायालय परिसर में सोमवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स के कुछ जवान सादे लिबास में सीधे एक अधिवक्ता के चेंबर में घुस गए और उनके साथ जमकर मारपीट की। इस घटना के बाद से न्यायालय परिसर और वकीलों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही झारखंड बार एसोसिएशन से जुड़े अधिवक्ता तुरंत एकजुट हो गए और घटनास्थल की ओर दौड़े। वकीलों को आते देख आरपीएफ के अन्य जवान मौके से फरार हो गए, लेकिन वकीलों ने उनमें से एक कथित जवान को दबोच लिया।

एसएसपी को दी गई सूचना, पुलिस बल तैनात…

धनबाद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राधेश्याम गोस्वामी ने बताया कि घटना की सूचना तत्काल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को दी गई। सूचना मिलते ही धनबाद थाना समेत कई अन्य थानों की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। वकीलों द्वारा पकड़े गए आरपीएफ जवान को पुलिस सुरक्षित अपने साथ धनबाद थाना ले गई है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।
न्यायपालिका पर सीधा हमला: राधेश्याम गोस्वामी….
मीडिया से बातचीत करते हुए धनबाद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राधेश्याम गोस्वामी ने इस घटना को पूरी तरह से गैरकानूनी और न्यायपालिका की गरिमा पर सीधा हमला करार दिया है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता किसी मामले में अपने मुमुक्किल (आरोपी) को आत्मसमर्पण कराने के लिए ले जा रहे थे, इसी दौरान इस कायराना हरकत को अंजाम दिया गया। उन्होंने चेतावनी दी है कि मारपीट में शामिल अन्य सभी आरोपियों की तत्काल पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
थाने में जुटे अधिवक्ता, आरपीएफ का पक्ष आना बाकी…
फिलहाल आक्रोशित अधिवक्ता धनबाद थाने में जमे हुए हैं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच-पड़ताल कर रही है। समाचार लिखे जाने तक आरपीएफ की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। कोर्ट परिसर में उपजे इस तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
