
नवीनगर से संदीप कुमार की रिपोर्ट
औरंगाबाद जिले के नवीनगर थाना क्षेत्र में नवीनगर रोड रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे फाटक पर राख लदे हाइवा की चपेट में आने से 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान नवीनगर रोड पीएचईडी कॉलोनी के समीप रहने वाले सोनू कुमार सिंह पिता स्व ललन सिंह के रूप में की गई है। बताया जाता है कि सोनू कुमार सिंह मकदुमपुर स्थित अपने खेत से पानी देखकर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान नवीनगर रोड रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे फाटक के पास पीछे से आ रहे राख लदे हाइवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए।

युवक की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने नवीनगर-बारुण मुख्य पथ को जाम कर दिया। सड़क जाम होने के कारण मुख्य मार्ग पर करीब चार घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यात्रियों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़क जाम की सूचना मिलने पर एसडीओ गौरव सिंह, एसडीपीओ सुशील कुमार समेत पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया,

जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया और यातायात बहाल हो सका। इधर, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
नवीनगर थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार उपाध्याय ने बताया कि दुर्घटना में शामिल हाइवा को जब्त कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
