
सिंदरी/धनबाद:
परसबनियाँ पंचायत युवक संघ के तत्वावधान में भव्य एवं वृहद करम पर्व महोत्सव का आयोजन किया गया। इस महोत्सव में सिंदरी विधानसभा क्षेत्र के माननीय विधायक श्री चन्द्रदेव महतो मुख्य अतिथि के रूप में सम्मलित हुए। कार्यक्रम में पहुँचने पर युवक संघ के सदस्यों और स्थानीय ग्रामीणों द्वारा मुख्य अतिथि का पारंपरिक रूप से भव्य स्वागत किया गया।

महोत्सव को संबोधित करते हुए माननीय विधायक चन्द्रदेव महतो ने समस्त क्षेत्रवासियों को करम पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा, “करम पर्व हमारी समृद्ध संस्कृति, अटूट परंपरा और प्रकृति के प्रति अगाध प्रेम का प्रतीक है। इस पावन त्योहार को हम सभी आपस में मिलजुलकर, आपसी भाईचारे के साथ मनाते हैं। आज इस महोत्सव में मातृशक्ति और युवाओं ने जिस उत्साह, उमंग और उल्लास के साथ अपनी कला और संस्कृति का प्रदर्शन किया है, वह अत्यंत आनंददायक और सराहनीय है।”

विधायक महोदय ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि आधुनिकता के दौर में भी अपनी जड़ों, लोक संस्कृति और पारंपरिक त्योहारों को जीवित रखना अत्यंत आवश्यक है, और परसबनियाँ पंचायत युवक संघ का यह प्रयास वाकई काबिलेतारीफ है।
इस सांस्कृतिक महोत्सव के दौरान पारंपरिक वेशभूषा में युवतियों द्वारा मनमोहक करम नृत्य और गीतों की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि विधायक चन्द्रदेव महतो ने महोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने वाली और उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाली युवतियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर परसबनियाँ पंचायत युवक संघ के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक और भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
