
Adityapur : आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड संख्या-20 में सड़क निर्माण कराए बिना ही संवेदक को भुगतान किए जाने का गंभीर आरोप सामने आया है।
मामले को लेकर कांग्रेस नेता बैध संजय कुमार ने राज्य के मुख्य सचिव के नाम संबोधित शिकायत पत्र सरायकेला-खरसावां के जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त को सौंपते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
शिकायतकर्ता के अनुसार इमली चौक स्थित सर्विस रोड से शिव मंदिर तक लगभग 300 फीट, शिव मंदिर से बजरंग मंदिर तक लगभग 250 फीट तथा स्पार्क ऑटोमोबाइल दुकान से सर्विस रोड तक लगभग 250 फीट पीसीसी सड़क निर्माण के लिए 12,24,843 रुपये की योजना स्वीकृत की गई थी।
इस कार्य के लिए मेसर्स आर.एस. इंटरप्राइजेज के साथ एकरारनामा भी किया गया था। आरोप है कि निर्धारित स्थल पर पीसीसी सड़क का निर्माण नहीं कराया गया, बावजूद इसके संवेदक को भुगतान कर दिया गया।
संजय कुमार का कहना है कि कथित अनियमितता को छिपाने के लिए उसी स्थल पर बाद में योजना का नाम बदलकर फेवर ब्लॉक सड़क का निर्माण करा दिया गया। उनका दावा है कि एक ही कार्यस्थल पर एक ही अवधि में दो अलग-अलग सड़क योजनाओं का क्रियान्वयन संभव नहीं है, जिससे पूरे मामले में वित्तीय अनियमितता और भ्रष्टाचार की आशंका प्रबल हो जाती है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों को लिखित शिकायत दी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने उपायुक्त से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने तथा सरकारी राशि के दुरुपयोग की जांच कराने की मांग की है।
मामले को लेकर नगर निगम प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। जांच के बाद ही आरोपों की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
