
बेरमो/बोकारो थर्मल-
बोकारो थर्मल स्थित डीवीसी के एडीएम भवन (सिद्धू-कानू भवन) के एचआर कक्ष में बुधवार को डीवीसी प्रबंधन और विस्थापित संयुक्त मोर्चा के प्रतिनिधियों के बीच बैठक हुई।

बैठक की अध्यक्षता जीएम (एचआर) ए.ए. कुजूर ने की। इस दौरान विस्थापितों के लिए प्रस्तावित राहत पैकेज को अंतिम रूप दिया गया।

डीवीसी प्रबंधन ने बताया कि प्रस्ताव स्वीकृति के लिए मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) को भेज दिया गया है।
बैठक में बताया गया कि XISS की सर्वे रिपोर्ट के आधार पर पुनर्वास गांवों में जमीन के मोटेशन (नामांतरण) की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही पात्र विस्थापित परिवारों को निर्धारित फॉर्म-12 भरकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ एक माह के भीतर आवेदन जमा करने को कहा गया है। प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि आवेदन प्राप्त होने के 30 दिनों के भीतर उसकी जांच कर पात्र लाभुकों को सूचना दी जाएगी।
प्रबंधन ने यह भी बताया कि विस्थापित परिवारों को डीवीसी अस्पताल में विशेष स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। वहीं, डीवीसी की भूमि पर संचालित निजी विद्यालयों में विस्थापित बच्चों की शुल्क माफी के संबंध में भी आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस विषय में मुख्यालय से प्राप्त निर्देशों के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी।
डीवीसी प्रबंधन ने सभी विस्थापित परिवारों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक दस्तावेजों सहित आवेदन जमा करने की अपील की, ताकि पात्र लाभुकों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके। फिलहाल XISS की सर्वे रिपोर्ट के आधार पर पात्र परिवारों की सूची को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
बैठक में डीवीसी के एचआर प्रबंधक सुनील कुमार, सांसद प्रतिनिधि जितेंद्र यादव, मुखिया विश्वनाथ महतो, जिला परिषद सदस्य शहजादी बानो, रोशन लाल यादव, बालेश्वर यादव, महबूब आलम, अमित घांसी, फलजीत महतो, त्रिभुवन दास, नरेश राम महतो, राजेंद्र अग्रवाल, गणेश यादव, मंजूर आलम सहित बड़ी संख्या में विस्थापित प्रतिनिधि उपस्थित थे।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
