
*चक्रधरपुर/गोइलकेरा*: गोइलकेरा प्रखंड के प्रभावित ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने बुधवार को ग्रामीण कार्य विभाग (REO) कार्यालय, चक्रधरपुर के समक्ष शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन कर वर्षों से अधूरी पड़ी सड़क निर्माण योजना को अविलंब पूरा करने की मांग की। आंदोलन का नेतृत्व मनोहरपुर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी एवं आजसू नेता डॉ. दिनेश चंद्र बोयपाई ने किया।
ग्रामीणों ने बताया कि गोइलकेरा-मनोहरपुर मुख्य सड़क से आमजरण होते हुए कैरम, मिंडीसोया एवं गोयरा मुख्य सड़क तक 7.33 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य लगभग ₹4.56 करोड़ की लागत से स्वीकृत हुआ था, लेकिन निर्माण कार्य पिछले 8 वर्षों से अधूरा पड़ा है। इसके कारण क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को प्रतिदिन आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि तथा अन्य आवश्यक कार्यों के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

धरना के दौरान ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र पुनः प्रारंभ करने, निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने तथा निर्माण कार्य में हुई देरी की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। साथ ही स्थानीय ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों की निगरानी समिति गठित करने, निर्माण कार्य की प्रगति एवं खर्च का विवरण सार्वजनिक करने तथा बरसात के मौसम में आवागमन सुचारु रखने के लिए तत्काल अस्थायी मरम्मत कराने की भी मांग उठाई गई।

डॉ. दिनेश चंद्र बोयपाई ने कहा कि वर्षों से अधूरी सड़क के कारण क्षेत्र का विकास बाधित हो रहा है और ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाओं से वंचित होना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विभाग द्वारा जल्द सकारात्मक पहल नहीं की गई तो ग्रामीणों के साथ मिलकर आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विभाग एवं प्रशासन की होगी।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
