
सरायकेला-खरसावाँ, 25 जून 2026 : – उपायुक्त श्री नितिश कुमार के निर्देशानुसार गुरुवार को जिला खनन विभाग एवं गम्हरिया अंचल कार्यालय द्वारा संयुक्त रूप से आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सापड़ा बालू घाट में खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया।
निरीक्षण के दौरान किसी भी बालू घाट पर अवैध उत्खनन की गतिविधि संचालित नहीं पाई गई। हालांकि जांच के क्रम में वाहन संख्या JH05AG2259 को बिना वैध परिवहन चालान के बालू खनिज का परिवहन करते हुए पाया गया। इस पर उक्त वाहन को विधिवत जब्त कर सुरक्षार्थ आदित्यपुर थाना को सुपुर्द कर दिया गया। मामले में जिला खनन विभाग द्वारा नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।

इसके उपरांत अपराह्न लगभग 4 बजे मोटरयान निरीक्षक के नेतृत्व में जिला खनन विभाग एवं संबंधित अधिकारियों द्वारा पाटा टोल प्लाजा पर संयुक्त जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान खनिज लदे वाहनों में तिरपाल की अनिवार्यता, ओवरलोडिंग तथा वैध परिवहन कागजातों की गहन जांच की गई। जांच के क्रम में मोटरयान निरीक्षक द्वारा विभिन्न अनियमितताओं के कारण 5 वाहनों से कुल 23,000 रुपये का जुर्माना मौके पर वसूला गया।

उपायुक्त श्री नितिश कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि जिले में खनिजों के अवैध खनन, भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए संयुक्त जांच एवं प्रवर्तन अभियान निरंतर जारी रहेगा।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
