• Fri. May 8th, 2026

अनियंत्रित हाइवा से बचने में सड़क किनारे फंसा ट्रक, चालक-खलासी सुरक्षित

admin's avatar

Byadmin

May 8, 2026
crescent ad

 

बोकारो थर्मल : बोकारो थर्मल क्षेत्र में बृहस्पतिवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। नशे में धुत एक हाइवा चालक की लापरवाही के कारण कोयला लदे ट्रक चालक को अपनी जान बचाने के लिए वाहन सड़क से नीचे उतारना पड़ा। इस दौरान ट्रक दलदल में धंस गया, हालांकि चालक और खलासी सुरक्षित बच निकले।

 

घटना शाम करीब 3:30 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाइवा ट्रक संख्या JH05 DU 3942 का चालक नशे की हालत में तेज रफ्तार और लहराते हुए वाहन चला रहा था। उसी समय खास महल से कोयला लेकर बिहार के डेहरी जा रहे नरकी निवासी चालक गुलाम फरीद अपने ट्रक संख्या JH09 AK 8447 से गुजर रहे थे।

 

सामने से अनियंत्रित हाइवा को अपनी ओर आता देख चालक गुलाम फरीद ने सूझबूझ दिखाते हुए संभावित टक्कर से बचने के लिए ट्रक को सड़क किनारे नीचे उतार दिया। लगातार बारिश के कारण सड़क किनारे की जमीन दलदल में तब्दील हो चुकी थी, जिससे कोयला लदा ट्रक का एक हिस्सा जमीन में धंस गया।

 

स्थानीय लोगों की मदद से ट्रक को बाहर निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन काफी मशक्कत के बाद भी सफलता नहीं मिल सकी। सूचना मिलने पर बोकारो थर्मल थाना की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

 

गनीमत रही कि चालक गुलाम फरीद और खलासी दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं तथा किसी को चोट नहीं आई। खबर लिखे जाने तक ट्रक सड़क किनारे दलदल में फंसा हुआ था। मामले में थाना में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

 

स्थानीय लोगों ने नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *