

सरायकेला: – नगर क्षेत्र में लगातार गहराते पेयजल संकट के प्रभावी समाधान हेतु नगर पंचायत सरायकेला द्वारा ठोस एवं दीर्घकालिक पहल की जा रही है। इसी क्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी द्वारा वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट (WTP) का विस्तृत एवं समग्र निरीक्षण किया गया, जिसमें प्लांट की वर्तमान कार्यप्रणाली, संसाधनों की स्थिति एवं जलापूर्ति व्यवस्था का गहन मूल्यांकन किया गया।

उक्त निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी समीर बोदरा, मैकेनिकल अभियंता विक्की कुमार, सिटी मैनेजर सुमित सुमन, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता ललित इंदवार, सहायक अभियंता एम.एल. गिलवा, वरिष्ठ कनिय अभियंता प्रकाश गुप्ता तथा नगर पंचायत उपाध्यक्ष अविनाश कवि सहित संबंधित अधिकारी एवं तकनीकी कर्मी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के क्रम में अध्यक्ष द्वारा प्लांट में स्थापित मशीनों, उपकरणों, जल शोधन प्रक्रिया, वितरण प्रणाली एवं रखरखाव व्यवस्था का सूक्ष्म अवलोकन किया गया। इसी दौरान उन्होंने मोटर रूम का भी निरीक्षण किया, जहां अत्यधिक गर्मी के कारण मोटरों के अत्यधिक गर्म होने की स्थिति पाई गई। इस पर गंभीर संज्ञान लेते हुए अध्यक्ष ने मोटर रूम के तापमान को नियंत्रित रखने हेतु तत्काल एयर कंडीशनर (AC) स्थापित करने का निर्देश दिया, ताकि मशीनों का सुचारु एवं सुरक्षित संचालन सुनिश्चित किया जा सके।
अध्यक्ष द्वारा अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि उपलब्ध संसाधनों, उपकरणों एवं तकनीकी आवश्यकताओं का समुचित आकलन कर एक विस्तृत सूची (इंवेंट्री) तैयार की जाए, ताकि भविष्य की कार्ययोजना को वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित ढंग से क्रियान्वित किया जा सके।
अध्यक्ष श्री चौधरी ने कहा कि नगर क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़, नियमित एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से पेयजल एवं स्वच्छता विभाग से संपूर्ण जलापूर्ति प्रणाली को नगर पंचायत के अधीन हस्तांतरित करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। स्थानीय स्तर पर संचालन होने से समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित होगा, साथ ही जवाबदेही एवं निगरानी व्यवस्था भी अधिक प्रभावी हो सकेगी।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हस्तांतरण उपरांत जलापूर्ति प्रणाली के संचालन, रखरखाव एवं मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर सुदृढ़ किया जाएगा, जिससे नगरवासियों को निर्बाध एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। इसके अतिरिक्त, जल वितरण तंत्र में सुधार, नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने एवं आपात स्थितियों में त्वरित कार्रवाई हेतु विशेष कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
अध्यक्ष ने विश्वास व्यक्त किया कि इस पहल के फलस्वरूप नगर क्षेत्र में व्याप्त पेयजल संकट का स्थायी समाधान संभव होगा तथा प्रत्येक घर तक पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सकेगी।
नगर पंचायत सरायकेला आमजन से अपील करता है कि वे जल संरक्षण एवं जिम्मेदार उपयोग में सहयोग प्रदान करें, ताकि उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम एवं न्यायसंगत उपयोग सुनिश्चित हो सके।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
