• Thu. Feb 12th, 2026

ईचागढ़ में हाथियों का तांडव: किसान संजय महतो की आलू की फसल रौंदी, ग्रामीणों में दहशत और भारी आक्रोश

admin's avatar

Byadmin

Feb 12, 2026

ईचागढ़ (सरायकेला): चांडिल अनुमंडल के ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बिस्टाटांड़ गांव में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार शाम दो जंगली हाथियों ने गांव में प्रवेश कर किसान संजय महतो के आलू के खेत में जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने न केवल कई क्विंटल फसल चट कर दी, बल्कि पैरों तले रौंदकर पूरी मेहनत बर्बाद कर दी।

शाम ढलते ही घरों में कैद होने को मजबूर ग्रामीण: ईचागढ़ वासी पिछले कई दिनों से दहशत के साये में जीने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि शाम ढलते ही हाथियों का झुंड भोजन की तलाश में रिहायशी इलाकों में घुस आता है। हाथियों के लगातार हमले और जान-माल के नुकसान के बावजूद वन विभाग की निष्क्रियता को लेकर स्थानीय लोगों में गहरी नाराजगी देखी जा रही है।

वन विभाग और गज परियोजना पर उठे सवाल: ग्रामीणों ने प्रशासन से तीखे सवाल पूछे हैं। उनका कहना है कि जब सरकार ने हाथियों के लिए दलमा गज परियोजना जैसी व्यवस्था की है, तो फिर ये झुंड आबादी वाले क्षेत्रों में क्यों डेरा डाले हुए हैं? आरोप है कि दलमा वाइल्ड लाइफ सेंचुरी में पिछले पांच वर्षों से हाथियों के लिए भोजन और पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण गजराज जंगल छोड़कर गांवों की ओर रुख कर रहे हैं।

सुरक्षा और मुआवजे की मांग: पीड़ित किसान और ग्रामीणों ने सरकार से मुआवजे की मांग करते हुए पूछा है कि आए दिन हाथियों द्वारा लोगों को कुचलने और फसलों को बर्बाद करने का जिम्मेदार कौन है? ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही हाथियों को खदेड़ने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए, तो वे उग्र आंदोलन को मजबूर होंगे।

 


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *