
हजारीबाग: सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने गुरुवार को झारखंड विधानसभा के बाहर सिलवार में बने पॉलिटेक्निक भवन को बालिका महाविद्यालय के रूप में शुरू करवाने की मांग को लेकर धरना दिया। हाथों में तख्ती लिए विधायक प्रसाद प्रसाद विधानसभा के बाहर बैठे दिखाई दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विद्यार्थियों, विशेषकर बालिकाओं की शिक्षा और उनके भविष्य के प्रति बिल्कुल भी गंभीर नहीं है।विधायक ने बताया कि सदर प्रखंड के सिलवार में वर्ष 2011 में लगभग सैंतीस करोड़ रुपये की लागत से एनबीसीसी द्वारा पॉलिटेक्निक कॉलेज का निर्माण कराया गया था।

वर्ष 2015 में भवन पूरी तरह बनकर तैयार हो गया, लेकिन आज तक इसे चालू नहीं किया गया। लंबे समय से बंद और उपेक्षित रहने के कारण भवन का रखरखाव नहीं हो पा रहा है और अब इसकी छतें व संरचनाएं क्षतिग्रस्त होने लगी हैं। करोड़ों रुपये की सरकारी संपत्ति यूँ ही बर्बाद हो रही है जबकि क्षेत्र की हजारों बच्चियों को उच्च शिक्षा के लिए आज भी लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है।

प्रदीप प्रसाद ने कहा कि यदि इस भवन में बालिका महाविद्यालय शुरू किया जाए तो स्थानीय और दूरदराज़ के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं को पढ़ाई में भारी राहत मिलेगी। यह कदम न केवल शिक्षा को सुलभ बनाएगा बल्कि बालिकाओं की सुरक्षा, सुविधा और भविष्य के रास्ते भी खोलेगा। उन्होंने सरकार पर यह आरोप लगाया कि वह बेटियों की शिक्षा को लेकर संवेदनहीन है और तैयार भवन को वर्षों से जानबूझकर बंद रखकर जनता के पैसे की अनदेखी कर रही है। धरने के दौरान विधायक प्रसाद ने स्पष्ट कहा कि यह लड़ाई सिर्फ एक बंद पड़े भवन की नहीं बल्कि क्षेत्र की बेटियों के सम्मान और उनके उज्ज्वल भविष्य की है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार जल्द निर्णय नहीं लेती तो वह इस मुद्दे को बड़े आंदोलन का रूप देंगे।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
