• Fri. Oct 17th, 2025

प्रधान जिला जज राजकुमार वन बोले — यह क्षण न्यायपालिका के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में दर्ज होगा

Byadmin

Oct 15, 2025

 

औरंगाबाद से अविनाश कुमार की रिपोर्ट

जिला विधिज्ञ संघ औरंगाबाद तथा जजेज कॉलोनी में बुधवार को न्याय मंडल औरंगाबाद के इतिहास का एक अभूतपूर्व गौरवशाली क्षण दर्ज हुआ। पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायमूर्ति पवन कुमार भीमप्पा बजंथरी ने वर्चुअल माध्यम से लॉयर्स हॉल और जजेज कॉलोनी में नवनिर्मित 5G-10 क्वार्टर भवन का उद्घाटन किया।

वर्चुअल उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार, औरंगाबाद के अध्यक्ष राजकुमार वन ने की, जबकि मंच संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव न्यायाधीश तान्या पटेल ने किया।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई, जिसमें प्रधान जिला जज राजकुमार वन, परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश अरुण कुमार, जिला जज प्रथम विश्व विभूति गुप्ता, जिला विधिज्ञ संघ अध्यक्ष विजय कुमार पांडेय, महासचिव जगनरायण सिंह और अधिवक्ता संघ अध्यक्ष संजय कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

वर्चुअल मंच पर मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य न्यायमूर्ति पवन कुमार भीमप्पा बजंथरी, न्यायमूर्ति सुधीर सिंह, न्यायमूर्ति राजीव रंजन प्रसाद और निरीक्षी जज न्यायमूर्ति हरीश कुमार मौजूद रहे। सभी न्यायमूर्तियों ने फीता काटकर भवनों का उद्घाटन किया और औरंगाबाद न्याय परिवार को बधाई दी।

मुख्य न्यायमूर्ति बजंथरी ने अपने संबोधन की शुरुआत “औरंगाबादवासियों को प्रणाम” कहकर की, जिसे सुनकर उपस्थित सभी ने तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया। उन्होंने पूर्व निरीक्षी जज न्यायमूर्ति राजीव राय और वर्तमान निरीक्षी जज न्यायमूर्ति हरीश कुमार के कार्यों की प्रशंसा की और कहा कि यह औरंगाबाद न्यायिक परिवार के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है।

न्यायमूर्ति सुधीर सिंह ने कहा कि बार और बेंच दोनों के लिए यह एक अमूल्य उपहार है, जिससे दोनों के संबंध और भी सुदृढ़ होंगे।

न्यायमूर्ति राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि यह कार्य निरीक्षी जज हरीश कुमार और प्रधान जिला जज राजकुमार वन के समर्पण का परिणाम है।

निरीक्षी जज हरीश कुमार ने अधिवक्ताओं की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने पर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि लॉयर्स हॉल अधिवक्ताओं के कार्य में नई दक्षता लाएगा।

प्रधान जिला जज राजकुमार वन ने कहा कि बार और बेंच दोनों इस पल के लंबे समय से प्रतीक्षारत थे, और आज यह सपना साकार हुआ है। यह क्षण औरंगाबाद न्यायपालिका के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा।

धन्यवाद ज्ञापन परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश अरुण कुमार ने किया।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री, पुलिस अधीक्षक अम्बरीष राहुल, तथा बड़ी संख्या में न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता एवं प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित थे।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *