• Mon. Feb 16th, 2026

जन सुराज का दिलीप जायसवाल पर बड़ा हमला: राजेश शाह हत्याकांड में भूमिका संदिग्ध, परिवार को धमकाने का आरोप; PK ने किया नया खुलासा

admin's avatar

Byadmin

Jul 18, 2025

 

पटना, 18 जुलाई 2025: जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर (PK) ने आज पटना में एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस कर किशनगंज के माता गुजरी मेडिकल कॉलेज (MGM) मामले में नए और गंभीर खुलासे किए। उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल पर राजेश शाह हत्याकांड में संदिग्ध भूमिका का आरोप लगाते हुए पीड़ितों के परिवार – मृतक राजेश शाह की मां अमला देवी और बहन रीता कुमारी – को मीडिया के सामने पेश किया। PK ने आरोप लगाया कि दिलीप जायसवाल के गुर्गों ने कल राजेश शाह की मां और बहन को धमकाया और समझौता करने का दबाव बनाया।

 

प्रशांत किशोर ने मामले में चौंकाने वाले खुलासे करते हुए बताया कि राजेश शाह हत्याकांड के समय किशनगंज के एसपी रहे आईपीएस अधिकारी एम आर नायक की पत्नी ने एमजीएम कॉलेज से ही एमबीबीएस की डिग्री ली थी। वहीं, इस केस की जांच करने वाले पुलिस अधिकारी एसके दुबे रिटायर होने के बाद एमजीएम कॉलेज में ही चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर बन गए।

 

उन्होंने बताया कि 2007 की इस घटना में पटना हाई कोर्ट ने अब सीआईडी को जल्दी जांच करने का निर्देश दिया है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। PK ने दावा किया कि राजेश शाह की मां अमला देवी को किशनगंज भाजपा से जुड़े लोग कॉल कर मीडिया के सामने न आने की धमकी दे रहे हैं, और इन लोगों के नंबर जल्द ही सार्वजनिक किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि ये सभी लोग केस के नामजद अभियुक्त हैं, और इनमें से एक भाजपा का जिलाध्यक्ष भी रहा है।

 

PK ने बताया राजेश शाह की हत्या और पुलिस की भूमिका

 

प्रशांत किशोर ने राजेश शाह हत्याकांड का विवरण देते हुए बताया कि अमला देवी के छह बच्चे हैं और वे बहुत गरीब परिवार से आते हैं। 2007 में उनके घर के बगल में जमीन खरीद-बिक्री को लेकर विवाद हुआ, जिसका राजेश ने विरोध किया। एक दिन राजेश शाह के दोस्त उसे दुर्गा पूजा की तैयारी के बहाने मोटरसाइकिल पर घर से ले गए। बाद में परिवार को खबर मिली कि भीड़ में उसे पीटा गया और दिलीप जायसवाल के ही एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। PK के अनुसार, दिलीप जायसवाल ने ही पुलिस को कॉल कर कहा कि एक युवक को भीड़ पीट रही है। परिवार को दो दिनों तक राजेश से मिलने भी नहीं दिया गया।

 

बाद में पुलिस ने राजेश शाह पर ही आरोप लगाया कि वह दिलीप जायसवाल की हत्या के लिए पिस्टल लेकर गया था, लेकिन उनके समर्थकों की पिटाई में घायल हो गया। प्रशांत किशोर ने सवाल उठाया कि आज तक यह जानकारी नहीं मिली कि राजेश की मौत पिटाई से हुई या उसे अस्पताल में ही जहर दे दिया गया।

 

राजेश शाह की मां-बहन का दर्द: “बेटे का चेहरा तक नहीं देखने दिया”

 

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राजेश शाह की मां अमला देवी फूट-फूट कर रोने लगीं। उन्होंने कहा, “दिलीप जायसवाल ने हमको बहुत परेशान किया है। आज हम आपलोग के शरण में आ गए हैं। हमारे बच्चे को इंसाफ चाहिए। मेरे बच्चे को हमको देखने तक नहीं दिया गया।”

 

राजेश शाह की बहन रीता कुमारी भी रो पड़ीं। उन्होंने बताया, “हम 15 साल पहले मुख्यमंत्री से मिले थे। वो बोले थे कार्रवाई होगी। लेकिन कुछ नहीं हुआ। मेरे भाई को हमको देखने तक नहीं दिया गया। जब मैं कॉलेज गई तो हमको क्रिमिनल की बहन बोला जाता था। मेरी बात किसी ने नहीं सुनी, न मीडिया ने, न नेताओं ने। अगर हम लड़का होते तो उस समय ही दिलीप जायसवाल को मार दिए होते।” उन्होंने आगे कहा कि दिलीप जायसवाल से जुड़ा एक व्यक्ति उन्हें धमकाता था, “तुम्हारे भाई का जो हाल हुआ वो तुम्हारा हाल करेंगे। तुम चुपचाप शादी कर लो। तुम इसमें मत पड़ो।”

 

PK की चेतावनी: “इन्हें कुछ हुआ तो पूरा बिहार दिलीप जायसवाल के खिलाफ आंदोलन करेगा”

 

प्रशांत किशोर ने चेतावनी देते हुए कहा, “ये लोग भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष की बात बता रही हैं। ऐसा लग रहा है कि किसी क्रिमिनल के बारे में बता रही हैं। अगर इनको कुछ हुआ तो बहुत बुरा हो जाएगा। पूरा बिहार उनके खिलाफ आंदोलन करेगा।” उन्होंने जोर देकर कहा कि यह सिर्फ दिलीप जायसवाल की बात नहीं है, बल्कि “सबसे बड़े पार्टी का दावा करने वाली पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष की बात है।” उन्होंने आश्चर्य व्यक्त किया कि आज तक पार्टी ने इन आरोपों का जवाब देना भी जरूरी नहीं समझा है।

 

PK ने कहा कि वे आगे और भी कई नेताओं का “किस्त में खुलासा करेंगे, जिनके परिवार के लोगों ने उस कॉलेज से डॉक्टरी की डिग्री ली है।” उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, “राबड़ी देवी उन्हें अपना भाई मानती हैं। आप देखिए कि ये लोग समाज को हिंदू-मुस्लिम करके लड़वाते हैं और आपस में भाई-बहन बने रहते हैं।”

 

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी सवाल किया, जो आज मोतिहारी आ रहे हैं: “वो बताएं कि क्या वो दिलीप जायसवाल के साथ मंच साझा करेंगे? क्या अपनी पार्टी के ऐसे प्रदेश अध्यक्ष को बगल की कुर्सी पर बिठायेंगे?”

 

जन सुराज में नए चेहरे शामिल:

 

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान, बिहार निवासी हिमाचल कैडर के आईपीएस अधिकारी जेपी सिंह जन सुराज से जुड़े। उन्होंने डीजी रहते हुए वीआरएस लिया है और पार्टी से जुड़कर बिहार के लिए काम करने की बात कही। इनके साथ ही जाने-माने भोजपुरी सिंगर रितेश पांडेय भी आज जन सुराज में शामिल हुए। रितेश पांडेय ने बिहार में पहले की सरकारों पर बिहारियों को बाहर जाकर काम करने पर मजबूर करने का आरोप लगाया और मीडिया के सामने “रोजी रोजगार चाहते हैं, नया बिहार चाहते हैं” गाना भी गाया। प्रशांत किशोर ने दोनों का पीला गमछा ओढ़ाकर पार्टी में स्वागत किया।

 

इस अवसर पर जन सुराज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह, प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती, जाने-माने वकील वाई वी गिरी, चुनाव अभियान समिति के संयोजक किशोर मुन्ना और ललन यादव समेत कई नेता मौजूद रहे।

 

 


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *