• Fri. Mar 13th, 2026

मेला प्रारंभ होने से पहले सभी जातियों के मंदिर में रंग रोगन का कार्य शुरू 

Biru Gupta's avatar

ByBiru Gupta

Dec 12, 2024

 

 

 

अजय कुमार गुप्ता

नवादा, (बिहार):- बिहार के नवादा जिले के मेसकौर प्रखंड का सीतामढ़ी मे सदियों से प्रत्येक वर्ष अगहन पुर्णिमा के अवसर पर साप्ताहिक मेले का आयोजन किया जाता है। यह मेल नवादा जिले मे सर्वाधिक राजस्व देने वाली मेला है। ऐसे सीतामढ़ी

गांव यूं तो जगत जननी माता सीता की निर्वासन स्थली और लव-कुश की जन्मस्थली के रूप में विख्यात है, लेकिन यह गांव एक अलग मायने में अनोखा है। संभवत: यह देश का पहला गांव होगा, जहां अलग-अलग जातियों के एक दर्जन से अधिक मंदिर एक ही स्थान पर मौजूद हैं। अगहन पुर्णिमा के एक सप्ताह पहले से ही सभी मंदिरों के समिति के द्वारा मेला प्रारंभ होने से पूर्व मंदिरों का रंग रोगन का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। ताकि मेल से पहले मंदिरों को आकर्षक रूप दिया जा सके। खास बात यह है कि मंदिर समित के मंदिर में किसी के प्रवेश पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाती है और आज तक कभी किसी जाति के लोगों में यहां तकरार जैसी नौबत नहीं आयी है। जातिगत मंदिरों के साथ एक अच्छा पहलू यह जुड़ा है कि यहां उसी जाति के पुजारी होते हैं। मंदिर सिर्फ पूजन के ही काम नहीं आता बल्कि यहां से सामाजिकता का भी बखूबी निर्वाह किया जाता है।अगहन पूर्णिमा के अवसर पर सामाजिक सम्मेलन आयोजित कर आपसी पहचान को मजबूती देने के काम भी किया जाता है। इसके साथ सीतामढ़ी मेले में आने वाले जातिगत लोग वैवाहिक बातों को तय कर रिश्ताबंदी को भी सुदृढ़ करते हैं।

 

 

अलग तरह का धार्मिक स्थल है सीतामढ़ी

 

 

सीतामढ़ी में माता सीता का मंदिर एकलौता ऐसी मंदिर है जहां सभी जाति के लोग पूजने को आते हैं। इसके अलावा अन्य सभी मंदिरों में उसी जाति के लोग पूजा-अर्चना करते हैं। वैसे किसी जाति का कोई भी व्यक्ति किसी अन्य जाति के मंदिर में बेहिचक आ-जा सकता है। इस पर कोई रोक नहीं है। सीता मंदिर के मुख्य पुजारी सीताराम पाठक बताते हैं कि भगवान राम ने लंका विजय के बाद अयोध्या वापसी के क्रम में धोबी के ताना मारने पर जब माता सीता को निर्वासित किया था तब उन्होंने यहीं पनाह पाया था। माता सीता यहां 11 वर्षों तक रही थीं। पूर्वजों के माने तो 11 बाय 16 फीट के एक चट्टान पर माता सीता के आग्रह पर भगवान विश्वकर्मा ने मंदिर का निर्माण किया था। यहीं पर बने एक गुफा में लव और कुश का जन्म हुआ था। ग्रामीण बताते हैं कि आजादी से पूर्व भी कुछ मंदिरों का निर्माण कराया गया था। कबीर मठ मंदिर सबसे पुराना मंदिर है। यह रवि दास का मंदिर है। इसके पुजारी सुरेश राम हैं। राजवंशी ठाकुरबाड़ी में भगवान बजरंगबली की मूर्ति है लेकिन इसके भक्त और पुजारी राजवंशी समाज के हैं। इसी प्रकार चंद्रवंशी कहार समाज का भी अपना मंदिर है और उसमें उनके कुल देवता मगधेश जरासंध के अलावा भगवान राम लक्ष्मण और हनुमान की भी प्रतिमा स्थापित हैं। इसी प्रकार से चौहान समाज का चौहान ठाकुरबाड़ी, कोयरी समाज का बाल्मीकि मंदिर, चौधरी पासी जाति के लिए शिव मंदिर, सोनार जाति के भगवान नरहरि विश्वकर्मा मंदिर, यादवों के लिए राधा कृष्णा मंदिर यहां मौजूद है। ब्रह्मर्षि मुसहर समाज का शबरी मंदिर अपने आप में अनोखा है जो भगवान के भक्त की स्मृति में है। यहां माउंटेन कटर बाबा दशरथ मांझी की स्मृतियां भी सहेजी गयी हैं। ठाकुर नाई जाति का मंदिर समेत तमाम मंदिर यहां अपनी खूबियों के कारण प्रसिद्ध हैं। फिलहाल भूमिहार जाति का झुमकी आश्रम में भी मंदिर का निर्माण किया जा रहा है।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *