
हजारीबाग विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न प्रखंडों में हाथियों के बढ़ते उत्पात और उससे हो रही जन-धन की क्षति का गंभीर मुद्दा विधानसभा में हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद ने सदन मे उठाया।

विधायक श्री प्रसाद ने कहा कि हजारीबाग विधानसभा क्षेत्र के कटकमदाग, दारू, कटकमसांडी तथा सदर प्रखंड के ग्रामीण इलाकों में जंगली हाथियों के लगातार उत्पात से कई घर-परिवार बेघर हो चुके हैं और लोगों को भारी जान-माल की क्षति का सामना करना पड़ा है। उन्होंने बताया कि हाथियों के हमले से ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

उन्होंने हाल की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सदर प्रखंड के चुटियारों गांव निवासी स्व० आदित्य राणा तथा कटकमदाग प्रखंड के बन्हा गांव निवासी स्व० गणेश गोप की हाथियों के हमले में दर्दनाक मृत्यु हो गई। इस तरह की घटनाओं से ग्रामीण क्षेत्र के लोग काफी डरे और सहमे हुए हैं।
विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि इन घटनाओं के बाद वन विभाग द्वारा केवल मुआवजा राशि का भुगतान कर अपनी जिम्मेदारी पूरी कर ली जाती है, जबकि इस गंभीर समस्या के स्थायी समाधान के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाने की आवश्यकता है।
उन्होंने सरकार से मांग की कि व्यापक जनहित को ध्यान में रखते हुए मुआवजा राशि में बढ़ोतरी की जाए तथा हाथियों के आवागमन वाले मार्ग (कॉरिडोर) को चिन्हित कर वहां आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएं। इसके अंतर्गत हाथियों के मार्गों पर ट्रेंच (खाई) का निर्माण, हाईमास्ट लाइट की व्यवस्था, तथा अन्य प्रभावी सुरक्षा उपाय किए जाने चाहिए, ताकि ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और इस समस्या का स्थायी समाधान निकल सके।
विधायक श्री प्रसाद ने कहा कि सरकार को इस विषय को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र ठोस कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भयमुक्त वातावरण मिल सके और भविष्य में इस प्रकार की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
