
धनबाद जिले के बाघमारा प्रखंड अंतर्गत सोनारडीह ओपी क्षेत्र के टंडावारी बस्ती में मंगलवार शाम करीब 6 बजे बड़ा हादसा हो गया। अचानक हुए भू-धंसान की घटना में एक घर पूरी तरह जमींदोज हो गया। आशंका जताई जा रही है कि इस हादसे में कम से कम तीन लोग मलबे के अंदर फंसे हो सकते हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग दहशत में आ गए।

हादसे से आक्रोशित ग्रामीण बड़ी संख्या में सोनारडीह ओपी के पास जमा हो गए और महुदा-राजगंज मुख्य मार्ग (NH-32) को जाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में बीसीसीएल की देखरेख में लंबे समय से अवैध खनन हो रहा है, जिसके कारण जमीन कमजोर हो गई और यह हादसा हुआ। लोगों का कहना है कि पिछले 6-7 वर्षों से इस इलाके में अवैध खनन जारी है, लेकिन प्रशासन ने इसे रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। मौके पर बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो भी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।

फिलहाल प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित करने और राहत-बचाव कार्य शुरू करने में जुटी है। इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है, लेकिन प्रशासन लगातार लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है।
There is no ads to display, Please add some

Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
