
धनबाद : नगर निकाय चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। संध्या 5:00 बजे तक धनबाद नगर निगम में 46.98 प्रतिशत तथा चिरकुंडा नगर परिषद में 61.40 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। कई मतदान केंद्रों पर टोकन लेकर लाइन में खड़े मतदाताओं को देर शाम तक मतदान कराया गया।

चुनाव संपन्न होने के बाद आयोजित पत्रकार वार्ता में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि धनबाद नगर निगम में 4,22,790 तथा चिरकुंडा नगर परिषद में 22,704 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान कुछ स्थानों पर छिटपुट घटनाएं हुईं, लेकिन सेक्टर मजिस्ट्रेट और संबंधित अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई कर स्थिति को नियंत्रित कर लिया। जिला कंट्रोल रूम से सभी 1019 मतदान केंद्रों की लगातार निगरानी की जाती रही।

वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव संपन्न हुआ और कहीं से कोई बड़ी घटना की सूचना नहीं मिली। चुनाव को सफल बनाने में पुलिस बल, सिटी हॉक्स और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहे।
उपायुक्त ने जानकारी दी कि मतगणना 27 फरवरी 2026 को राजकीय पॉलिटेक्निक में होगी। इसके लिए 15 मतगणना हॉल बनाए गए हैं, जिनमें धनबाद नगर निगम के लिए 11 और चिरकुंडा नगर परिषद के लिए 4 हॉल निर्धारित हैं। मतपेटियों को स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा जाएगा, जहां तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सबसे अंदर झारखंड आर्म्ड पुलिस की तैनाती होगी, जबकि बाहरी सुरक्षा जिला पुलिस संभालेगी।
उपायुक्त ने शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने में सहयोग देने वाले प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस बल, चुनाव कर्मियों और आम मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
