• Sat. Feb 14th, 2026

भेंड़रा लौह नगरी में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर निर्माण की दिशा में बड़ा कदम, पदाधिकारियों ने किया स्थल निरीक्षण

admin's avatar

Byadmin

Feb 14, 2026

 

नावाडीह / बेरमो तुलसी प्रसाद

 

डुमरी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नावाडीह प्रखंड की भेंड़रा लौह नगरी में औद्योगिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई | उद्योग विभाग, झारखंड सरकार के निर्देश पर जियाडा बोकारो प्रक्षेत्र के पदाधिकारियों एवं नावाडीह अंचल के कर्मचारियों की संयुक्त टीम ने भेंड़रा लौह नगरी का स्थल निरीक्षण शुक्रवार को किया। यह निरीक्षण भेंड़रा में प्रस्तावित इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के निर्माण हेतु फिजिबिलिटी रिपोर्ट एवं विहित प्रपत्र तैयार करने के उद्देश्य से किया गया।

निरीक्षण दल में जियाडा बोकारो प्रक्षेत्र से श्री सनी कुमार (सहायक विकास पदाधिकारी), श्री गणेश प्रसाद (प्रभारी सहायक), श्री अरमान कुमार (अमीन) तथा नावाडीह अंचल से कर्मचारी श्री अरविंद कुमार, अमीन चैतलाल महतो शामिल थे। पदाधिकारियों ने प्रस्तावित क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, भूमि की उपलब्धता, संपर्क मार्ग, बिजली-पानी जैसी आधारभूत सुविधाओं, आसपास के खनन एवं औद्योगिक संसाधनों तथा स्थानीय मानव संसाधन की संभावनाओं का गहन अवलोकन किया।

गौरतलब है कि पिछले विधानसभा सत्र में डुमरी विधायक श्री जयराम कुमार महतो द्वारा भेंड़रा लौह नगरी में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर निर्माण की सशक्त मांग सरकार के समक्ष रखी गई थी। विधायक द्वारा यह तर्क प्रस्तुत किया गया था कि यह क्षेत्र खनिज-संपदा से समृद्ध है तथा राष्ट्रीय राजमार्ग एवं औद्योगिक गतिविधियों के निकट होने के कारण यहां औद्योगिक कॉरिडोर की अपार संभावनाएं हैं। उसी मांग के मद्देनज़र आज का यह स्थल निरीक्षण किया गया, जिसे क्षेत्र के लिए एक सकारात्मक और दूरगामी कदम माना जा रहा है।

स्थल निरीक्षण के दौरान पदाधिकारियों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से भी संवाद किया। इस अवसर पर भेंड़रा पंचायत के मुखिया सह मुखिया संघ के सचिव श्री नरेश कुमार विश्वकर्मा, राजेंद्र यादव, प्रदीप शर्मा, आनंद विश्वकर्मा, अजीत कुमार मलिक, अशोक विश्वकर्मा सहित कई गणमान्य ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के निर्माण का समर्थन करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, युवाओं का पलायन रुकेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

पदाधिकारियों ने उपस्थित लोगों को आश्वस्त किया कि निरीक्षण के आधार पर तैयार की जाने वाली फिजिबिलिटी रिपोर्ट में सभी तकनीकी, सामाजिक एवं आर्थिक पहलुओं को सम्मिलित किया जाएगा। रिपोर्ट स्वीकृत होने के पश्चात आगे की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ की जाएगी।

भेंड़रा लौह नगरी में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर की स्थापना न केवल नावाडीह प्रखंड बल्कि पूरे डुमरी विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति देने का कार्य करेगी। यह पहल झारखंड सरकार की औद्योगिक नीति के अनुरूप क्षेत्रीय संतुलित विकास की दिशा में एक मजबूत कदम मानी जा रही है।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *