• Tue. Feb 17th, 2026

भक्ति, लोकसंस्कृति और संगीत का संगम: पिपरा में शुरू हुआ अष्टभुजी महोत्सव

admin's avatar

Byadmin

Jan 30, 2026

 

नवीनगर से संदीप कुमार की रिपोर्ट

औरंगाबाद जिला के बारुण प्रखंड अंतर्गत पिपरा स्थित प्रसिद्ध अष्टभुजी माता मंदिर परिसर में गुरुवार को दो दिवसीय अष्टभुजी महोत्सव का भव्य, दिव्य एवं सांस्कृतिक वातावरण में शुभारंभ हुआ। बिहार सरकार के कला, संस्कृति एवं युवा विभाग तथा जिला प्रशासन औरंगाबाद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव के पहले ही दिन पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। श्रद्धा, आस्था और संस्कृति के अद्भुत संगम ने मंदिर परिसर को भक्तिमय बना दिया, जहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु, स्थानीय ग्रामीण एवं दूर-दराज से आए दर्शक उपस्थित रहे। महोत्सव का उद्घाटन नवीनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक चेतन आनंद, डॉ. आयुसी सिंह तोमर, जिला कला संस्कृति पदाधिकारी कुमार पप्पू राज, एडीएम जय प्रकाश नारायण, एस.एच. खान, बीडीओ बारुण नीरज कुमार, मुख्य संरक्षक महोत्सव रतन संजीव कुमार सिंह, महोत्सव संघ के सचिव स्वर्णजीत कुमार सिंह, जिला पार्षद प्रतिनिधि धनंजय सिंह, पिपरा पंचायत की मुखिया प्रीति कुमारी, बारुण प्रमुख धनिक लाल मंडल, उप प्रमुख प्रभावती देवी, भाजपा नेत्री रेणु देवी, सीमा देवी सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उद्घाटन समारोह के दौरान सभी अतिथियों को पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार अंगवस्त्र, प्रतीक चिन्ह, पौधा एवं मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात बिहार गान के साथ कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत हुई। दानिका संगीत संस्थान की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत भावपूर्ण स्वागत गीत ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और पूरा वातावरण भक्तिरस से सराबोर हो गया। सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि अष्टभुजी माता की महिमा अपरंपार है और यह मंदिर धार्मिक ही नहीं बल्कि सांस्कृतिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल है। विधायक चेतन आनंद ने अपने संबोधन में मंदिर समिति की मांग पर फ्लड लाइट लगाने एवं सड़क निर्माण कार्य को पूरा कराने का आश्वासन दिया। साथ ही क्षेत्र के लोगों द्वारा रखी गई अन्य जनहित से जुड़ी मांगों को आगामी विधानसभा सत्र में उठाने की बात कही।

जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी कुमार पप्पू राज ने अपने स्वागत भाषण में सभी अतिथियों, कलाकारों एवं दर्शकों के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन स्थानीय संस्कृति, लोक कला एवं पारंपरिक विरासत को संरक्षित और प्रोत्साहित करने में अहम भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन प्रखंड विकास पदाधिकारी नीरज कुमार ने किया। वहीं मंच संचालन की जिम्मेदारी शिक्षक राजेश कुमार सिंह एवं हेरंब मिश्र ने कुशलतापूर्वक निभाई।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में सुर संग्राम फेम की प्रसिद्ध गायिका अनामिका त्रिपाठी ने माता रानी के भजनों की भावपूर्ण प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। वहीं गायक कलाकार टिंकु टाइगर एवं तान्या मौआर की सशक्त और ऊर्जावान प्रस्तुतियों पर दर्शक देर रात तक झूमते नजर आए। कुल मिलाकर अष्टभुजी महोत्सव का पहला दिन भक्ति, संस्कृति और लोक कला के रंग में रंगा रहा। ।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *