• Thu. Mar 5th, 2026

नावाडीह प्रखंड अंतर्गत पोटसों पंचायत में धान अधिप्राप्ति केंद्र का शुभारंभ

admin's avatar

Byadmin

Dec 16, 2025

 

नावाडीह/ बेरमो तुलसी प्रसाद

 

नावाडीह प्रखंड अंतर्गत पोटसों पंचायत में सोमवार को पैक्स (प्राथमिक कृषि साख समिति) द्वारा आयोजित धान अधिप्राप्ति केंद्र का विधिवत उद्घाटन डुमरी विधानसभा के माननीय विधायक श्री जयराम कुमार महतो के कर-कमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में किसान, पैक्स प्रतिनिधि, पंचायत के जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

 

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए माननीय विधायक श्री जयराम कुमार महतो ने कहा कि धान अधिप्राप्ति केंद्र केवल सरकारी औपचारिकता नहीं, बल्कि किसानों की मेहनत को सम्मान देने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि किसान खेत में पसीना बहाकर फसल उगाता है, इसलिए उसका पूरा मूल्य समय पर और एक साथ मिलना उसका अधिकार है।

 

माननीय विधायक ने अपने संबोधन में विशेष रूप से उल्लेख किया कि हाल ही में विधानसभा में उनके द्वारा उठाए गए सवाल का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। उन्होंने बताया कि पहले किसानों को फसलों का भुगतान दो किस्तों में किया जाता था, जिससे उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। लेकिन सदन में किसान हित में मजबूती से सवाल उठाने के बाद अब सरकार द्वारा यह निर्णय लिया गया है कि धान सहित अन्य फसलों का मूल्य किसानों को एक ही बार में दिया जाएगा। यह निर्णय पूरे झारखंड के किसानों के लिए लाभकारी सिद्ध होगा।

 

श्री महतो ने कहा कि “एक विधायक की असली पहचान उसके सवालों से होती है। यदि सवाल सही मुद्दे पर, सही समय पर और पूरे दमखम के साथ उठाया जाए, तो उसका लाभ केवल एक विधानसभा तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरे राज्य को मिलता है।” उन्होंने कहा कि डुमरी विधानसभा की जनता ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी है, उसका निर्वहन वे पूरी ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ कर रहे हैं।

 

उन्होंने पैक्स प्रबंधन को निर्देश दिया कि धान अधिप्राप्ति प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता, सही तौल, समयबद्ध पंजीकरण और किसानों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। किसी भी किसान को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाना चाहिए। यदि कहीं कोई समस्या आती है, तो उसका त्वरित समाधान किया जाए।

 

माननीय विधायक ने यह भी कहा कि राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ किसान हैं और जब तक किसान सशक्त नहीं होंगे, तब तक झारखंड समृद्ध नहीं बन सकता। सरकार और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि किसान को उसकी उपज का पूरा और उचित मूल्य समय पर मिले।

 

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित किसानों ने धान अधिप्राप्ति केंद्र के शुभारंभ तथा भुगतान व्यवस्था में किए गए सुधारों के लिए माननीय विधायक का आभार व्यक्त किया। समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *