
चाईबासा। नगर परिषद चाईबासा चुनाव के दौरान और उससे पूर्व क्षेत्र में बढ़ती हिंसा, भय के माहौल तथा प्रशासनिक निष्क्रियता को लेकर भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा ने गंभीर चिंता व्यक्त की है। भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष चंद्र मोहन तिऊ ने प्रेस बयान जारी कर प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि लोकसभा, विधानसभा या नगर निकाय चुनाव से पहले क्षेत्र में हिंसा और भय का माहौल बनाना सत्ताधारी दल की राजनीतिक शैली बनती जा रही है, जो अखंड बिहार के 90 के दशक के जंगलराज की याद दिलाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के संरक्षण में अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि अब पुलिस पर भी तीर चलाए जाने जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे आम जनता की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

तिऊ ने कहा कि नगर परिषद चाईबासा चुनाव के दौरान वार्ड नंबर 17 में घर में घुसकर मारपीट की घटना हुई, वहीं भगवा गमछा उतरवाने जैसी घटनाएं भी सामने आईं, जो लोकतंत्र को शर्मसार करने वाली हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान खुलेआम धनबल का प्रयोग हुआ और अब उपाध्यक्ष चुनाव में भी पैसों की बोली लगाए जाने की चर्चा आम हो रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन के कई अधिकारी सत्ताधारी दल के दबाव में निष्पक्ष कार्रवाई करने से बच रहे हैं, जो लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत है।
भाजपा युवा मोर्चा ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में अवैध बालू और लौह अयस्क का उत्खनन, लॉटरी और नशाखोरी जैसे अवैध कारोबार लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे सामाजिक माहौल बिगड़ रहा है और हिंसा को बढ़ावा मिल रहा है।
भाजपा युवा मोर्चा ने जिला प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि क्षेत्र में हो रही हिंसा पर तत्काल रोक लगाई जाए और दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष व कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि जनता का कानून व्यवस्था और लोकतंत्र पर विश्वास बना रहे।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
