• Wed. Apr 1st, 2026

दर्दनाक हादसा: चूल्हे की चिंगारी से साड़ी में लगी आग, बुजुर्ग महिला की मौत

admin's avatar

Byadmin

Apr 1, 2026

 

नबीनगर से संदीप कुमार की रिपोर्ट

crescent ad

नवीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां आग से झुलसकर एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान रामपुर गांव निवासी सरयू पाल की 64 वर्षीय पत्नी कबूतरी देवी के रूप में की गई है।

इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, घर में रसोई गैस उपलब्ध नहीं होने के कारण पिछले कुछ दिनों से परिवार चूल्हे पर खाना बना रहा था। घटना के समय कबूतरी देवी चूल्हे के पास बैठी हुई थीं और अपने पोते के छोटे बच्चे को खेला रही थीं। इसी दौरान चूल्हे से निकली एक चिंगारी उनकी साड़ी पर जा गिरी, जिससे अचानक कपड़ों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कबूतरी देवी बुरी तरह झुलस गईं।

घटना के समय पास में मौजूद मासूम बच्चा बाल-बाल बच गया, जो एक बड़ी राहत की बात रही। घर में मौजूद अन्य सदस्यों ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह आग पर काबू पाया और गंभीर रूप से झुलसी महिला को तत्काल नवीनगर रेफरल अस्पताल पहुंचाया।अस्पताल में चिकित्सकों ने उनकी हालत अत्यंत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद रेफर कर दिया। हालांकि, वहां इलाज के दौरान कबूतरी देवी ने दम तोड़ दिया। परिजनों ने बताया कि रसोई गैस की कमी के कारण उन्हें मजबूरन चूल्हे का इस्तेमाल करना पड़ रहा था, जिसके चलते यह दर्दनाक हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि कबूतरी देवी परिवार की एक सक्रिय सदस्य थीं और घर के सभी कामकाज के साथ-साथ परिवार के हर सदस्य का ख्याल रखती थीं।

कबूतरी देवी अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। उनके एक पुत्र और पांच पुत्रियां हैं। पुत्र विनोद पाल भेड़ पालन का कार्य करता है, जबकि सभी बेटियों की शादी हो चुकी है।

घटना के बाद रामपुर गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रशासन से गैस आपूर्ति व्यवस्था में सुधार की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *