
हजारीबाग। लोकसभा क्षेत्र में एनटीपीसी की चट्टीबरियातू कोल माइंस परियोजना एक बार फिर विवादों में घिर गई है। आउटसोर्स कंपनी ऋत्विक पर जनभावना और सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों का उल्लंघन करते हुए केरेडारी प्रखंड के चट्टीबरियातू गांव स्थित बड़ा तालाब (लातो आहर) के मेढ़ को काटने और ड्रिल के जरिए पानी निकालने का आरोप लगा है। यह घटना सोमवार रात करीब 2 बजे सामने आई, जब ग्रामीणों ने पोकलेन मशीन का उपयोग कर गुपचुप तरीके से किए जा रहे इस प्रयास का तीव्र विरोध किया ।

ग्रामीणों के अनुसार जैसे ही उन्हें इसकी भनक लगी वे इकट्ठा हुए और काम को रोका। ग्रामीणों के विरोध के बाद पोकलेन चालक और अन्य कर्मचारी मशीन छोड़कर फरार हो गए। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीण तुरंत गोलबंद हो गए और मंगलवार सुबह इसकी सूचना हजारीबाग लोकसभा सांसद मनीष जायसवाल को दी।

सूचना मिलते ही सांसद मनीष जायसवाल तत्काल चट्टीबरियातू के संबंधित तालाब पर पहुंचे और पूरी घटना का बारीकी से जायजा लिया। उन्हें पता चला कि यह तालाब चट्टीबरियातू, नावाडीह, पगार, भुइयांटोली सहित आसपास के कई गांवों के लोगों के लिए नहाने-धोने और सिंचाई का मुख्य स्रोत है।
उन्होंने एनटीपीसी चट्टीबरियातू कोल माइंस परियोजना के परियोजना प्रमुख (एचओपी) सी.वी. नवीन से मोबाइल पर बात की। सांसद ने उन्हें को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि यदि कंपनी जनभावना के खिलाफ कोई भी कार्य करती है, तो एक संवेदनशील जनप्रतिनिधि के तौर पर वे हर स्तर पर इसका विरोध करेंगे।
सांसद मनीष जायसवाल ने परियोजना प्रमुख को स्पष्ट रूप से बताया कि वह जनता के साथ धरने पर बैठे हैं और तब तक बैठे रहेंगे जब तक तालाब के काटे गए मेढ़ को वापस भर नहीं दिया जाता और किए गए ड्रिल को बंद नहीं कर दिया जाता । हजारीबाग लोकसभा सांसद मनीष जायसवाल के चट्टीबरियातू के ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठने के तुरंत बाद, एनटीपीसी की आउटसोर्स कंपनी ऋत्विक हरकत में आ गई है। बीती रात चुपके से काटे गए बड़ा तालाब (लातो आहर) के मेढ़ के निर्माण का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। हालांक सांसद मनीष जायसवाल का धरना अभी लगातार डेढ़ घंटे से जारी है। सांसद मनीष जायसवाल के साथ हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद प्रतिनिधि सत्येंद्र नारायण सिंह, हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी, बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र के सांसद प्रतिनिधि पूनम साहू, भाजपा नेता जुगनू सिंह, बड़कागांव भाजपा मंडल के सांसद प्रतिनिधि रंजीत मेहता, भाजपा नेता उपेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह, नरेश महतो, शिबू मेहता, नारायण यादव, प्रकाश गुप्ता, प्रीतम साहू, बालगोविंद सोनी, अमित कुमार गुप्ता, आजसू नेता पंकज साहा, कंचन यादव, नरेश महतो, संजय दुबे, कर्मचारी साव, उदय मेहता, विधा अलंकार सहित अन्य गणमान्य लोग सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद हैं ।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
