• Tue. Mar 17th, 2026

शांति व सुरक्षा को लेकर अखाड़ों समिति के सदस्यों के साथ बैठक आयोजित

admin's avatar

Byadmin

Mar 17, 2026

 

चक्रधरपुर : ईद, सरहुल, रामनवमी, हिन्दू नव वर्ष एवं चैती दुर्गा पूजा 2026 को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सोमवार 16 मार्च 2026 को अनुमंडल कार्यालय पोड़ाहाट, चक्रधरपुर के सभाकक्ष में अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में ईद, सरहुल और रामनवमी अखाड़ों के अध्यक्ष, सचिव तथा विभिन्न समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान सभी अध्यक्षों व सचिवों को अपने-अपने स्तर पर स्वयंसेवकों (वॉलेंटियर) की नियुक्ति करने का निर्देश दिया गया। साथ ही सभी मस्जिद, मंदिर, अखाड़ों एवं भीड़-भाड़ वाले संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी, ड्रोन कैमरा एवं वीडियो रिकॉर्डिंग के माध्यम से निगरानी रखने का आदेश दिया गया।

प्रशासन ने प्रतिबंधित मांस की बिक्री तथा अवैध बूचड़खानों पर विशेष निगरानी रखने का भी निर्देश दिया। वहीं माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों का पालन करते हुए डीजे बजाने एवं किसी भी समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले गीतों को बजाने पर सख्त रोक लगाने की बात कही गई।

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि कोई भी व्यक्ति शराब या अन्य मादक पदार्थों का सेवन कर जुलूस का हिस्सा न बने और किसी प्रकार की हुड़दंगबाजी न करे, जिससे विधि-व्यवस्था प्रभावित हो। साथ ही सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुपों पर भ्रामक या अफवाह फैलाने से बचने की अपील की गई तथा किसी भी विवाद की स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना देने को कहा गया। प्रशासन ने बताया कि त्योहारों के दौरान अनुमंडल स्तर पर विशेष नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाएगा। इसके साथ ही चिकित्सा, एम्बुलेंस और अग्निशमन जैसी आपातकालीन सेवाओं की भी व्यवस्था की जाएगी। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति भी की जाएगी। इसके अलावा नगरपालिका पदाधिकारी एवं विद्युत विभाग को नवगठित नगर परिषद बोर्ड और विभिन्न समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर शहर की साफ-सफाई, विद्युतीकरण, बैरिकेडिंग तथा अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया, ताकि सभी त्योहार शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सकें।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *