• Thu. Feb 26th, 2026

भव्य कलश यात्रा के साथ कालीकानगर में तीन दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा अनुष्ठान प्रारंभ

admin's avatar

Byadmin

Feb 26, 2026

 

 

चांडिल , 26 फरवरी : सन्यासी आश्रम जुना आखाड़ा ट्रस्ट के तत्वावधान में चांडिल प्रखंड के आसनबनी पंचायत अंतर्गत कालीकानगर स्थित काली मंदिर परिसर में श्री सर्व देव प्रतिष्ठा समारोह गुरुवार को प्रारंभ हुआ। नवनिर्मित बाबा विश्वनाथ मंदिर, बालाजी मंदिर एवं नवग्रह शनि मंदिर में मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर आहूत तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान के तहत गुरुवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई।

प्रथम दिन गुरुवार की सुबह निकाली गई भव्य कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिला-पुरुषों ने पारंपरिक वेशभूषा में भाग लिया। वैदिक मंत्रोच्चार, ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच निकली कलश यात्रा से संपूर्ण क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।

कलश यात्रा के पश्चात विधिवत रूप से मंडप पूजन एवं अधिवासन की प्रक्रिया संपन्न कराई गई।

ट्रस्ट पदाधिकारियों ने बताया कि यह समस्त धार्मिक आयोजन ब्रह्मलीन गुरुदेव शंकरानंद सरस्वती जी के शिष्य सह जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रीमहंत विद्यानंद सरस्वती की अगवाई में संचालित किया जा रहा है। अनुष्ठान के दूसरे दिन शुक्रवार को मंडप पूजन, जलाधिवास, अन्नाधिवास, महास्नान, नगर भ्रमण, हवन पूजन एवं शैयाधिवास जैसे वैदिक कर्मकांड विधिपूर्वक संपन्न होंगे।

तीन दिवसीय अनुष्ठान का समापन शनिवार, 28 फरवरी को पूर्वाह्न 11 बजे मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा एवं पूर्णाहुति के साथ होगा। इसके उपरांत दोपहर 1 बजे से श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण एवं भंडारा आयोजित किया जाएगा।

इस धार्मिक अनुष्ठान के यज्ञ संरक्षक जुना आखाड़ा काली मंदिर ट्रस्ट, पारडीह के श्री महंत विद्यानंद सरस्वती जी हैं। गुरुवार को अनुष्ठान के प्रथम दिन भव्य कलश यात्रा में बड़ी संख्या में आम व खास लोगों ने अपने उपस्थिति दर्ज कराई। ट्रस्ट की ओर से समस्त सनातन धर्मावलंबियों से आयोजन में सपरिवार उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की गई है।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *