
सिंदरी।बी०आई०टी० सिंदरी के लिए यह अत्यंत गर्व और सम्मान का क्षण है कि संस्थान के असैनिक अभियंत्रण विभाग (बैच 1986–1990) के प्रतिष्ठित पूर्व छात्र एवं 1996 बैच के आईपीएस अधिकारी अजय कुमार नंद को कोलकाता का पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। उनकी इस महत्वपूर्ण उपलब्धि से पूरे संस्थान में हर्ष, गौरव और उत्साह का वातावरण व्याप्त है।अजय कुमार नंद ने बी०आई०टी० सिंदरी से असैनिक अभियंत्रण की पढ़ाई पूरी करने के बाद अपने कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर भारतीय पुलिस सेवा में स्थान प्राप्त किया। अपने उत्कृष्ट प्रशासनिक कौशल, सशक्त नेतृत्व क्षमता और प्रभावी कार्यशैली के कारण वे निरंतर उच्च पदों पर आसीन होते रहे हैं। अब कोलकाता जैसे महानगर के पुलिस कमिश्नर के रूप में उनकी नियुक्ति न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि संस्थान की गौरवशाली परंपरा को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचाती है।इस अवसर पर असैनिक अभियंत्रण विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर सह वरीय प्रशासी पदाधिकारी डॉ. ब्रह्मदेव यादव ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अजय कुमार नंद शुरू से ही मेधावी, अनुशासित और लक्ष्य के प्रति समर्पित छात्र रहे हैं। वे अपने बैच के द्वितीय टॉपर थे और पुलिस सेवा के प्रति उनका जुनून प्रारंभ से ही स्पष्ट था।संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) पंकज राय ने भी उन्हें बधाई देते हुए कहा कि बीआईटी सिंदरी प्रतिभाओं को निखारने का केंद्र रहा है और यह उपलब्धि उसी परंपरा को और सुदृढ़ करती है।

इस अवसर पर विभागाध्यक्ष प्रो. प्रफुल्ल कुमार शर्मा, डीन (एलुमनी) डॉ. प्रकाश कुमार, जनरल वार्डन प्रो. मनोज कुमार, करियर विकास केंद्र के अध्यक्ष डॉ. घनश्याम, डीन (अकादमिक) डॉ. डी. के. तांती सहित अन्य प्राध्यापकों ने भी शुभकामनाएं दीं।गौरतलब है कि अजय कुमार नंद बिहार के समस्तीपुर जिले के पटोरी प्रखंड स्थित धमौन गांव के निवासी हैं। उनकी इस उपलब्धि से न केवल बीआईटी सिंदरी बल्कि पूरा राज्य गौरवान्वित महसूस कर रहा है।

There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
