
*विधायक के निर्देश के बाद भी विभाग मौन*

बलियापुर/सिंदरी:

बलियापुर प्रखंड के जगदीश पंचायत अंतर्गत कारीटांड़ गांव में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आ रही है। यहां घरों के ऊपर से गुजर रहे 11,000 वोल्ट के तार और आबादी के बीच स्थित जर्जर ट्रांसफार्मर ग्रामीणों के लिए “मौत का संकेत” बने हुए हैं। आलम यह है कि आधे गांव में खौफ का माहौल है और लोग किसी बड़ी अनहोनी के डर से साये में जीने को मजबूर हैं।
विधायक के निर्देश के बाद भी विभाग मौन
ग्रामीणों नंदकिशोर गोप ने विधायक प्रतिनिधि शीतल दत्ता के नेतृत्व में सिंदरी के माननीय विधायक चंद्रदेव महतो से मुलाकात कर अपनी व्यथा सुनाई थी। विधायक ने तत्काल संज्ञान लेते हुए सहायक अभियंता और कार्यपालक अभियंता को आवेदन फॉरवर्ड किया और समस्या का त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया। विधायक के हस्तक्षेप के बाद ठेकेदार द्वारा खंभे तो गाड़ दिए गए, लेकिन काम को बीच में ही लटका दिया गया है।
घरों और स्कूलों पर मंडराता खतरा
गौरतलब है कि गांव के घरों से सटकर स्थित ट्रांसफार्मर पूरी तरह खराब हो चुका है, जिससे अक्सर धीमी आग और करंट की चिंगारियां निकलती रहती हैं। इसके अलावा, 11,000 वोल्ट की हाई-टेंशन लाइन घरों की छतों के ठीक ऊपर से गुजरी है। स्कूल और आंगनबाड़ी जाने वाले नन्हे बच्चों को भी हर दिन इन्हीं खतरनाक तारों के नीचे से होकर गुजरना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि “विभाग शायद किसी की जान जाने का इंतजार कर रहा है।”
फरवरी 2025 से जारी है संघर्ष
ग्रामीण पिछले साल फरवरी 2025 से लगातार विभाग के चक्कर काट रहे हैं। ट्रांसफार्मर के लिए उचित स्थान का चयन भी कर लिया गया है, बावजूद इसके विभाग की सुस्ती भविष्य में किसी भयानक खतरे को दावत दे रही है।
उग्र आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों ने स्पष्ट रूप से चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही ट्रांसफार्मर को स्थानांतरित नहीं किया गया और बिजली के तारों को व्यवस्थित नहीं किया गया, तो उनके पास विरोध के अलावा कोई रास्ता नहीं बचेगा। ग्रामीणों ने दो टूक शब्दों में कहा है कि यदि समाधान नहीं हुआ तो वे जल्द ही विभाग के खिलाफ “उग्र आंदोलन” करेंगे।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
