• Tue. Mar 24th, 2026

झरिया विधायक रागिनी सिंह का एक्शन मोड: भाटडीह में ट्रांसफार्मर का उद्घाटन, नुनुडीह में लापरवाह अधिकारियों को लगाई कड़ी फटकार

admin's avatar

Byadmin

Mar 23, 2026

झरिया (धनबाद): क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर झरिया विधायक रागिनी सिंह सोमवार को पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आईं। एक ओर जहाँ उन्होंने भाटडीह बस्ती के ग्रामीणों को बिजली संकट से उबारने के लिए नए ट्रांसफार्मर की सौगात दी, वहीं दूसरी ओर नुनुडीह में जलापूर्ति पाइपलाइन और सड़क निर्माण में हो रही देरी को लेकर संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों की जमकर क्लास लगाई।

 

नुनुडीह में अधिकारियों को फटकार: “जनता की परेशानी बर्दाश्त नहीं”

विधायक रागिनी सिंह को सूचना मिली थी कि पाथरडीह–झरिया–सिंदरी मुख्य मार्ग पर नुनुडीह दुर्गा मंदिर के समीप नगर निगम की पाइपलाइन फटने से सड़क पर गहरे गड्ढे बन गए हैं। इस वजह से न केवल सड़क निर्माण कार्य बाधित हो रहा है, बल्कि राहगीरों के लिए भी यह मार्ग जानलेवा साबित हो रहा है।

 

सोमवार शाम मौके पर पहुँचीं विधायक ने स्थिति का जायजा लिया और सड़क निर्माण के प्रोजेक्ट ऑफिसर विक्रम साहू, कनीय अभियंता कुमुद बंद्योपाध्याय तथा नगर निगम के फिल्टर प्लांट संचालक संजय महतो को तत्काल स्थल पर तलब किया। विधायक ने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि समन्वय की कमी के कारण जनता को परेशानी उठाना मंजूर नहीं है। उन्होंने निर्देश दिया कि पाइपलाइन की मरम्मत और गड्ढों की भराई तत्काल सुनिश्चित की जाए ताकि जर्जर सड़क का निर्माण कार्य बिना किसी बाधा के पूरा हो सके।

 

भाटडीह बस्ती को मिला अंधेरे से छुटकारा

नुनुडीह में निरीक्षण के बाद विधायक सीधे भाटडीह बस्ती पहुँचीं, जहाँ लंबे समय से बिजली की किल्लत झेल रहे ग्रामीणों के चेहरों पर खुशी लौट आई। विधायक की पहल पर बस्ती में नया ट्रांसफार्मर लगाया गया, जिसका उन्होंने विधिवत फीता काटकर उद्घाटन किया। ट्रांसफार्मर चालू होते ही क्षेत्र में नियमित बिजली आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद जग गई है।

 

उद्घाटन के बाद उत्साहित ग्रामीणों ने विधायक रागिनी सिंह का फूल-माला पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर भव्य स्वागत किया। ग्रामीणों ने कहा कि बिजली की समस्या के कारण बच्चों की पढ़ाई और दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे थे, जिसका समाधान विधायक के प्रयासों से संभव हो पाया है।

 

जनता के बीच सक्रियता और आभार

कार्यक्रम के दौरान विधायक ने कहा कि झरिया की जनता की समस्याओं का समाधान करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की कोताही या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर भाजपा नेता अभिषेक पांडे, उमेश यादव, विशाल श्रीवास्तव, स्वरूप राय, कौशिक राय, अमर कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।

 


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *