• Tue. Feb 17th, 2026

कुड़मी छात्र संगठन का कुड़माली भाषा को लेकर आंदोलन का शंखनाद

admin's avatar

Byadmin

Jun 27, 2025

 

बलियापुर, झारखंड: कुड़मी छात्र संगठन ने कुड़माली भाषा को स्नातकोत्तर (PG) और बैचलर ऑफ एजुकेशन (B.Ed) पाठ्यक्रमों में शामिल करने की मांग को लेकर विनोद धाम, बलियापुर में एक महत्वपूर्ण बैठक की. गुरुवार को आयोजित इस बैठक में छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया.

छात्र नेता दिवाकर महतो ने बताया कि उनकी प्रमुख मांग है कि विनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (BBMKU) में कुड़माली भाषा की पढ़ाई पीजी और बीएड में शुरू की जाए. उन्होंने घोषणा की कि इस मांग को लेकर 15 जुलाई को विनोद धाम से सैकड़ों छात्र पदयात्रा करते हुए बीबीएमकेयू को एक मांग पत्र सौंपेंगे.

दिवाकर महतो ने इस बात पर जोर दिया कि डिग्री कॉलेजों में कुड़माली भाषा को मान्यता मिलने के बावजूद, पढ़ाने के लिए शिक्षकों की बहाली नहीं की जा रही है. इससे कुड़माली भाषा में पढ़ाई करने के इच्छुक छात्र अपनी मातृभाषा की पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं. उन्होंने यह भी बताया कि कई छात्र नेट (NET) और जेआरएफ (JRF) उत्तीर्ण होने के बावजूद, सरकारी कॉलेजों में कुड़माली शिक्षकों की कमी के कारण पीएचडी नहीं कर पा रहे हैं, जिससे उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है.

छात्रों ने रोष व्यक्त किया कि झारखंड को अलग राज्य बने 25 वर्ष हो गए हैं और विश्वविद्यालय का नाम भी विनोद बिहारी महतो के नाम पर रखा गया है, फिर भी उनकी मातृभाषा कुड़माली की अनदेखी की जा रही है. कुड़मी छात्र संगठन ने स्पष्ट किया कि वे इस मुद्दे को लेकर तब तक आंदोलन करेंगे जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जातीं.

इस बैठक में प्राचार्य डॉ. जितेंद्र कुमार महतो, प्राचार्य डॉ. राकेश कुमार महतो, प्रो. मुरलीधर महतो, प्रो. विशेश्वर महतो, प्रो. निमाई महतो, परिमल महतो, छात्र नेता दिवाकर महतो, राजकुमार महतो, मनु केटियार, सोनू कुमार महतो, दिनेश कुमार महतो, कार्तिक कुमार महतो, निशा कुमारी, मंजू कुमारी, अंजू कुमारी, सुनीता महतो, प्रदीप कुमार महतो, संजू कुमारी, अनिता कुमारी, विश्वजीत महतो, पिंकी कुमारी, संगीता कुमारी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे.


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *