• Tue. Feb 17th, 2026

उत्तर कोयल नहर हादसे में मृत युवक के परिजनों को मिला सहारा

admin's avatar

Byadmin

Jan 28, 2026

 

 

नवीनगर से संदीप कुमार की रिपोर्ट

नवीनगर (औरंगाबाद)

पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह की संवेदनशील पहल पर नवीनगर प्रखंड अंतर्गत देवी कांडी गांव के समीप उत्तर कोयल नहर में निर्माणाधीन पुल हादसे में मृत युवक के पीड़ित परिवार को 7 लाख 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

यह सहायता राशि पुल निर्माण कार्य कर रही त्रिवेणी कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा बैंक चेक के माध्यम से दी गई, जिसे पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह के हाथों मृतक के भाई अशोक कुमार सिंह एवं मामा धनंजय कुमार सिंह को सौंपा गया। गौरतलब है कि 01 जनवरी को टंडवा थाना क्षेत्र के कांडी निवासी रौशन कुमार उर्फ किटु सिंह की मौत उस समय हो गई थी, जब वह देवी कांडी गांव के पास उत्तर कोयल नहर में त्रिवेणी कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा पुल निर्माण के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में गिर पड़ा। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई थी।

घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह कांडी गांव पहुंचकर मृतक के परिजनों से मिले थे। परिजनों ने उन्हें बताया कि रौशन कुमार अपने माता-पिता और पूरे परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसके पीछे दो छोटे-छोटे बच्चे हैं,

जिनके भविष्य को लेकर परिवार गहरे सदमे में है। असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पूर्व सांसद ने परिजनों की बातें गंभीरता से सुनीं और उन्हें ढांढस बंधाया। साथ ही पुल निर्माण कार्य में लापरवाही को लेकर त्रिवेणी कंस्ट्रक्शन कंपनी पर उचित मुआवजा देने का दबाव बनाया।

पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह ने इस घटना को लेकर कंपनी के वरीय अधिकारियों से बातचीत की, जिसके परिणामस्वरूप कंपनी की ओर से आर्थिक सहायता के रूप में 7.5 लाख रुपये का चेक पीड़ित परिवार को प्रदान किया गया। इस अवसर पर पूर्व सांसद ने कहा कि “यह सहायता राशि परिवार की अपूरणीय क्षति की भरपाई तो नहीं कर सकती, लेकिन इससे परिवार को कुछ आर्थिक संबल अवश्य मिलेगा। मैं हर परिस्थिति में पीड़ित परिवार के साथ खड़ा हूं।

उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि सरकार द्वारा संचालित अन्य सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी पीड़ित परिवार को दिलवाने का प्रयास किया जाएगा। चेक वितरण के दौरान मौके पर नवीनगर भाजपा प्रखंड अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, मुना अग्रवाल, रामप्रवेश सिंह एवं शिक्षक नेता धनंजय कुमार सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

सभी ने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। पूर्व सांसद की इस पहल को क्षेत्र में मानवीय संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल के रूप में देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों ने इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस कठिन समय में पीड़ित परिवार को मिला यह सहयोग उनके लिए बड़ा सहारा है।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *