• Mon. Mar 9th, 2026

इंस्पायर मानक अवार्ड में क्रेसेंट इंटरनेशनल स्कूल के दो विद्यार्थियों का चयन

admin's avatar

Byadmin

Mar 9, 2026

 

गोविंदपुर (धनबाद)। क्रेसेंट इंटरनेशनल स्कूल, गोविंदपुर के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DST) द्वारा संचालित प्रतिष्ठित INSPIRE–MANAK अवार्ड योजना 2025–26 में विद्यालय के दो विद्यार्थियों का चयन हुआ है। इनमें कक्षा 12 (विज्ञान) की छात्रा कंचन हेम्ब्रम तथा कक्षा 10 के छात्र अनिकेत दास शामिल हैं।

इस योजना के अंतर्गत चयनित प्रत्येक विद्यार्थी को अपने नवाचार आधारित प्रोजेक्ट को विकसित करने तथा जिला स्तरीय प्रदर्शनी सह प्रोजेक्ट प्रतियोगिता में प्रस्तुत करने के लिए ₹10,000 की प्रोत्साहन राशि और प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाता है।

INSPIRE–MANAK योजना का मुख्य उद्देश्य विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार, शोध और समस्या समाधान की क्षमता को प्रोत्साहित करना है, ताकि छात्र-छात्राएँ अपनी रचनात्मकता के माध्यम से समाज और पर्यावरण से जुड़ी चुनौतियों के लिए नए समाधान विकसित कर सकें।

चयनित विद्यार्थियों ने अपने अभिनव वैज्ञानिक विचारों के माध्यम से इस उपलब्धि को हासिल किया है। कंचन हेम्ब्रम (कक्षा 12 विज्ञान) ने “Conversion of Waste Chicken Intestine into Bacteria Culture Growth Media” विषय पर नवाचार प्रस्तुत किया, जिसमें कचरे के रूप में फेंकी जाने वाली चिकन की आंतों को उपयोगी बैक्टीरिया कल्चर ग्रोथ मीडिया में परिवर्तित करने का वैज्ञानिक विचार दिया गया है। वहीं अनिकेत दास (कक्षा 10) ने “Heavy Duty Wheel Attached LPG Cylinder” का अभिनव आइडिया प्रस्तुत किया, जिसमें गैस सिलेंडर को आसानी से और सुरक्षित तरीके से स्थानांतरित करने के लिए मजबूत पहियों से युक्त व्यवस्था का प्रस्ताव रखा गया है।

इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए चयनित विद्यार्थियों को बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही इस सफलता के लिए विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने वाले शिक्षक श्री एस.एम. सरफराज अख्तर के समर्पण और प्रेरणादायी मार्गदर्शन की विशेष सराहना की।

इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक ईसा शमीम ने कहा कि INSPIRE–MANAK अवार्ड विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार की भावना को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण मंच है। कंचन और अनिकेत की सफलता इस बात का प्रमाण है कि सही मार्गदर्शन और प्रेरणादायी शैक्षणिक वातावरण मिलने पर विद्यार्थी समाजोपयोगी और रचनात्मक वैज्ञानिक विचार प्रस्तुत कर सकते हैं। क्रेसेंट इंटरनेशनल स्कूल में हम बच्चों को शोध, प्रयोग और नवाचार के लिए लगातार प्रोत्साहित करते हैं ताकि वे भविष्य में देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

वहीं विद्यालय की प्राचार्या विजेता दास ने कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय में विकसित हो रहे वैज्ञानिक वातावरण और विद्यार्थियों की जिज्ञासु प्रवृत्ति का परिणाम है। विद्यालय नियमित रूप से विज्ञान गतिविधियों, नवाचार परियोजनाओं और शोध आधारित शिक्षण को बढ़ावा देता है, जिससे विद्यार्थियों को अपने विचारों को प्रयोग और नवाचार के रूप में विकसित करने का अवसर मिलता है।

विद्यालय परिवार ने दोनों विद्यार्थियों को आगामी चरणों के लिए शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे आगे भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, जिले और राज्य का नाम रोशन करेंगे।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *